विभाग के समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
रायगढ़. होम आइसोलेशन का उल्लंघन कर बाहर घूमने वाले लोगों पर अब सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही उनकाे कोविड अस्पताल शिफ्ट किया जाएगा। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी उक्त बातें कलेक्टर भीम सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए शासन-प्रशासन द्वारा लगातार व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। हाल ही में संक्रमण के मामलों में कमी भी आई है, किंतु कई कोविड पॉजिटिव लोगों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है जो सही नहीं है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे लोगों के पर कड़ी कार्रवाई करें। इस अवसर पर सीईओ ऋचा प्रकाश चौधरी, सीएमएचओ डॉ. एसएन केशरी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व निजी अस्पताल संचालक उपस्थित रहे।
लक्षण वालें मरीजों की करें सबसे पहले कोविड जांच
कलेक्टर सिंह ने कहा कि जिले के कई अस्पतालों में इलाज के लिए पहुुंंचने वाले व्यक्तियों की तत्काल टेस्टिंग नहीं करवा रहे हैं, जिससे बाद में मरीज की स्थिति गंभीर हो जाती है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले के सभी अस्पताल व चिकित्सक उनके पास इलाज के लिए आने वाले लक्षण युक्त मरीजों की तत्काल कोविड जांच कराएं। जिससे यदि कोई मरीज कोविड पॉजिटिव हो तो उसका सही उपचार मिल सके। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही करने पर संबंधित अस्पताल के विरूद्ध कार्रवाई होगी। इस मामले में सारंगढ़ में संचालित मनसा हाॅस्पिटल को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
साभार: दैनिक भास्कर

