रायगढ़. आयरन ओर की कीमतों में उछाल के बाद इसकी चोरी और तस्करी के मामले बढ़े हैं। कोतवाली पुलिस ने अजय कबाड़ी का 7 टन माल जब्त किया है। आरोपी ढाबों से चोरी हुए माल को खरीदकर पूंजीपथरा इंडस्ट्रीयल पार्क में बेचता था। पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई कर अपनी जांच शुरू कर दी है। दरअसल ओडिशा की खदानों से अब आयरन ओर कम आ रहे हैं। कुछ दिन पहले ही ओडिशा सरकार ने आयरन ओर की कीमतों में 600 रुपए बढ़ाकर ऑक्शन किया था। जिसमें अधिकतर लॉट विदेशी कंपनियों को दिए गए। ऐसे में लोकल व्यवसायियों के लिए माल मिलना मुश्किल हो गया है। स्टील की कीमत में अचानक तेजी आई है। उद्योगपति भी आयरन ओर पहले की तुलना में कम मंगा रहे हैं। इस बढ़े भाव का फायदा उठाने के लिए लोकल स्मगलरों ने आयरन ओर की खरीद-फरोख्त शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस की टीम ने शनिवार की देर रात ढिमरापुर से पूंजीपथरा मार्ग पर जा रही एक डंपर को पकड़ा। थाने से प्रधान आरक्षक नंदू सारथी, आरक्षक हेमंत पात्रे और आरक्षक लखेश्वर पुरसेठ को मुखबिर से सूचना मिली थी। डंपर में 7 टन आयरन ओर थी। पूंजीपथरा के इंडस्ट्रियल पार्क में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। ड्राइवर के पूंजीपथरा पहुंचने पर अजय कबाड़ी उसे एड्रेस देता इसके बाद माल खाली होता। ट्रक ड्राइवर के पास गाड़ी से संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। इसपर पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली।
ड्राइवरों को रुपयों का लालच देकर खरीदते हैं
इसके लिए बड़े कबाड़ी हर ढाबों में अपने गुर्गे फिक्स करते हैं। जो यह देखता है कि कौन ड्राइवर किस तरह का माल ढाबों में बेच रहा है। ड्राइवर को पैसे का लालच देकर उससे थोड़ा-थोड़ा माल खरीदा जाता है और ढाबे या आसपास में उसे डंप कर इकट्ठा किया जाता है। इस शार्टेज को पूरा करने के लिए ड्राइवर एक साइड के डीजल टैंक में पानी भर देते हैं या फिर केबिन के अंदर में सीट के नीचे पत्थर डालकर गाड़ी का वजन बढ़ा देते हैं। शहर के बाहरी हिस्सों में चल रहे ढाबे इसका अड्डा बने हैं।
गाड़ी भी अजय सिंह के नाम से रजिस्टर्ड
पुलिस ने फिलहाल ड्राइवर तापेश्वर राम उर्फ गुड्डन के विरुद्ध चोरी और माल जब्ती की कार्रवाई कर दी है। अफसर बता रहे हैं कि माल की सप्लाई अजय कबाड़ी ही करा रहा था। गाड़ी का नंबर आरटीओ की वेबसाइट में अजय सिंह के नाम से रजिस्टर्ड दिख रहा है। शहर के अजय कबाड़ी के विरुद्ध पूर्व में भी कई ऐसे मामले दर्ज हो चुके हंै। इसमें उद्योगों के सामानों की चोरी के मामले हैं। फिलहाल पुलिस सबूत इकट्ठा कर उसके इस रैकेट का खुलासा करने में लगी हुई है।
साभार: दैनिक भास्कर

