एसकेएस पावर की वाटर सप्लाई लाइन फटी, एसडीएम को जाना पड़ा गांव
रायगढ़. एसकेएस पावर प्लांट की पाइपलाइन में लीकेज की वजह से नंदेली गांव के नवापारा के किसानों की फसलों और घरों को नुकसान पहुंचा है। किसानों के घरों और बाड़ी तक पानी पहुंच गया है। जानकारी मिलने के बाद रविवार रात एसडीएम और नायब तहसीलदार ने गांव जाकर निरीक्षण किया और पानी को बांध की तरफ डायवर्ट करने रास्ता बनवाया। दर्रामुड़ा स्थित एसकेएस पावर जेनरेशन साराडीह के मांड नदी से पाइप से पानी लेती है। नदी से लेकर प्लांट तक पाइपलाइन है। रविवार की शाम को एकाएक पाइप फट जाने के बाद पानी नवापारा गांव के आधा दर्जन से अधिक किसानों के घरों और खेतों तक पहुंच गया है। सोमवार की देर शाम तक किसानों ने धान, सामान के लिए 30 हजार रुपए नुकसान का आकलन हो पाया है। इसके अलावा किसानों की बाड़ी में लगे दो से तीन पेड और फल सब्जियों के फसलों नुकसान पहुंचा है। एसकेएस पावर जेनरेशन के मैनेजर संजय चौधरी ने बताया कि सराडीह से प्लांट तक पाइपलाइन बिछाई गई है, उसमें लीकेज होने की वजह से नुकसान हुआ है। नुकसान आंकलन के बाद किसानों मुआवजा दिया जाएगा।
पानी भरने लगा तो ग्रामीणों को देर रात करनी पड़ी मशक्कत
एसडीएम युगल किशोर उर्वशा ने बताया कि गांव वालों ने पानी का फ्लो लगातार बढ़ता जा रहा है जिसे देखते हुए किसानों ने बांध में पानी जाने के लिए रास्ता बनाया है। उसके बाद स्थिति ठीक हुई है, इसके बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है, किसानों की जो भी नुकसान होगा उसे क्षतिपूर्ति कंपनी प्रबंधन करेगी।
साभार: दैनिक भास्कर

