जशपुर. काेनपारा धान खरीदी केंद्र में खरीदारी में गड़बड़ी मिलने पर फड़ प्रभारी व कम्प्यूटर ऑपरेटर सेंटर से हटा दिए गए हैं। कलेक्टर महादेव कावरे ने साेमवार काे अपने कमरे में धान खरीदी, बारदाने के उपलब्धता, उठाव, आदि के संबंध में खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, विपणन विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली थी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि धान खरीदी केन्द्रों में गड़बड़ी करने वाले कम्प्यूटर ऑपरेटर और सोसायटी प्रबंधकों पर कड़ी कार्यवाही की जाए। इस पर जिला खाद्य अधिकारी जीएस कंवर ने बताया कि फरसाबहार ब्लाक के कोनपारा के कम्प्यूटर ऑपरेटर जितेन्द्र साय और फड़ प्रभारी तेजस्वनी साय का धान खरीदी केन्द्रों में शिकायत मिलने पर वहां से हटा दिया गया है। कलेक्टर ने अधिकारियो को धान खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा को देखते हुए विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने कहा कि पीडीएस दुकानों से बारदाने का गंभीरता से उठाव करें और धान खरीदी केन्द्रों में बारदाने की समस्या दूर करने के लिए कहा गया है। खाद्य अधिकारी ने बताया 30 धान खरीदी केन्द्रों में बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता है।
साभार: दैनिक भास्कर

