पुताई करने गए थे जिस घर वहीं से चुरा ली थी चाबी, बाद में की चोरी
रायगढ़. सरिया थाना क्षेत्र में एक महीने पहले हुई चोरी के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। जो आरोपी पकड़ गए हैं उन्होंने एक महीने पहले एक घर में पेंटिंग की थी, इसी दौरान उन्होंने चाबी चुरा ली। कुछ दिन बाद दो अन्य दोस्तों के साथ मिलकर जेवर व नकदी समेत सवा तीन लाख की चोरी की है। परिजन ने पेंटिंग करने वालों पर शक जाहिर कर दिया था। पुलिस ने गुरुवार को चार आरोपी पकड़े हैं, सभी 11वीं के स्टूडेंट्स हैं। सरिया पुलिस द्वारा ग्राम कर्राकोट में सूने मकान से हुई चोरी के आरोपियों को पकड़कर उनसे सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। सरिया के गेंदलाल साहू ने दीपावली के समय गांव के विश्वनाथ दास और अवतार चौहान को पेंटिंग करने बुलाया था। पेंटिंग करते हुए ही दोनों ने घर की चाबी चोरी कर ली थी। गेंदलाल परिवार के साथ 27 नवंबर को रायगढ़ अपने रिश्तेदार के यहां आए थे। इसी बीच विश्वनाथ और अवतार ने दो दोस्त खेमराज साहू और सुनील सारथी को बुलाया और घर से चोरी की। आरोपियों ने पहले बाहर का ताला खोला। फिर घर में घुसकर आलमारी का लॉकर तोड़ दिया। आलमारी में रखे ढाई लाख के गहने और 70 हजार रुपए चुरा लिए। सभी आरोपी क्लासमेट हैं-पकड़ाए गए सभी युवक एक साथ एक ही कक्षा में पढ़ते थे। इसी साल चारों युवक 11वीं में गए हैं। लॉकडाउन के बाद वे दीपावली में काम करने की नीयत से पेंटिंग कर रहे थे। इसके बाद चोरी की घटना को भी साथ अंजाम दिया।
आरोपियों ने चिकन पार्टी में उड़ाए 70 हजार रुपए
चारों आरोपियों ने मिलकर चुराए हुए 70 हजार रुपए को आपस में बांट लिए थे। सभी के हिस्से में साढ़े 17 हजार रुपए आए। आरोपियों ने सारे पैसे खर्च कर दिए। दरअसल पुलिस को पहले ही सूचना मिल गई थी। आरोपियों के अनुसार उन्होंने शराब और चिकन पार्टी करने में ही 70 हजार रुपए को खर्च कर दिए।
साभार: दैनिक भास्कर

