शिकायत मिलने पर जपं सीईओ ने दिए जांच के आदेश
लैलूंगा. ग्राम पंचायत पोतरा के सरपंच और सचिव द्वारा 14वें वित्त राशि में गबन करने का मामला प्रकाश में आया है। उन्होंने बाथरूम, हैंडपंप के पास सोखता गड्डा निर्माण, गली में स्ट्रीट लाइट व विद्युतीकरण के लिए आई राशि तो निकाल ली पर काम को नहीं कराया। शिकायत मिलने पर जनपद पंचायत सीईओ भजन साय ने जांच के आदेश दिए। जानकारी के अनुसार हैंडपंप के पास सोखता गड्ढा बनाने के लिए सरपंच-सचिव ने 70 हजार 500 रुपए वाउचर के माध्यम से 21 मई को निकल लिए थे। इसी तरह नहानी घर निर्माण के लिए वाउचर से 1 लाख 5 हजार 27 जुलाई को निकाले गए। स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 1 लाख 50 हजार रुपए 3 जून को निकाल तो लिए पर काम अब तक नहीं कराया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। सरपंच की माने तो पोतरा के देवगुड़ी पारा, स्कूलपारा, मुगलपारा, तुरीपारा के पास स्थित हैंडपंप के पास नहानी घर बनाया गया है, वहीं लोगों की माने तो 2 साल के दौरान कही भी नहानी घर नहीं बनाया गया है। पिछले साल स्कूलपारा में पूर्व निर्मित नहानी घर मे ही पानी टंकी लगाई गई है। इसके लिए चौदहवे वित्त आयोग से 24 मार्च को 1 लाख 1 हजार 600 रुपए वाउचर से निकाल लिए गए। दो वित्तीय वर्ष में एक ही कार्य के नाम से राशि का आहरण किया गया है। साथ ही किसी हैंडपंप के पास सोखता गड्डा इस साल नहीं बनाया गया है। स्ट्रीट लाइट के नाम से कुछेक एलईडी लाइट चुनिंदा जगह पर लगाई गई है।
साभार: दैनिक भास्कर

