दो पार्षदों ने की थी सीएमओ से शिकायत, वार्ड में योजनाओं के लिए जमीन नहीं होने का दिया था हवाला
बाराद्वार. नगर पंचायत के एल्डरमेन नरेश राठौर द्वारा दुरपा रोड वार्ड नं 1 में अतिक्रमण किया जा रहा था। जिसे प्रशासन द्वारा गुरुवार को जेसीबी से हटाने की कार्रवाई की गई। नगर पंचायत वार्ड नं 1 की पार्षद रूपा यादव एवं वार्ड नं 2 के पार्षद अनिल कुमार यादव ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन देकर वार्ड नं. 1 की शासकीय भूमि को नरेश राठौर पिता जगसाय राठौर द्वारा अवैध कब्जा करने की शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया है कि नरेश राठौर पिता जगसाय राठौर एल्डरमेन होने के बाद भी शासकीय भूमि पर कब्जा कर मकान बनाया जा रहा है, वार्ड में शासन की कई महत्वपूर्ण योजना के लिए भूमि की आवश्यकता हैं, लेकिन नरेश राठौर के द्वारा शासकीय भूमि पर मकान बनाया जा रहा है। दोनों पार्षदों ने सीएमओ से उक्त शासकीय भूमि को सार्वजनिक उपयोग हेतु संरक्षित कर, अवैध निर्माण को बंद कराने की मांग की थी। जिस पर सीएमओ ने अतिक्रमणधारी को नोटिस देकर शासकीय जमीन पर निर्माण से संबंधित वैध कागजात पेश करने के लिए कहा था। लेकिन एल्डरमैन द्वारा कोई जानकारी नगर पंचायत को नही दी गई। मामले पर कार्यवाही करते हुए गुरूवार को नगर पंचायत के अधिकारी एवं राजस्व विभाग के पटवारी की मौजूदगी में एल्डरमेन नरेश राठौर द्वारा वार्ड नं. 1 में खसरा नं. 108/1 घास मद की शासकीय भूमि में अवैध निर्माण कराते हुए कराए जा रहे गड्ढे को भरा गया एवं अवैध निर्माण को जेसीबी के माध्यम से तोडकर हटाया गया।
एल्डरमैन ने टीम को दिखाया इकरारनामा
अतिक्रमण हटाने गई टीम को मौके पर नरेश राठौर ने 1 हजार वर्ग फीट का राजीव गांधी आश्रय योजना में रामचरण कुम्हार के नाम से जारी पट्टा दिखाया , जिसमें उसकी पत्नी सेवती बाई का भी उल्लेख है। साथ ही एक अनरजिस्टर्ड इकरारनामा भी पेश किया, जिसमें सेवती बाई कुम्हार पति रामचरण कुम्हार के द्वारा नरेश कुमार राठौर पिता जगसाय राठौर को 2 लाख रुपए में बेचा जाना बताया गया है, जबकि आसपास के लोगों का कहना हैं कि रामचरण कुम्हार ने उक्त पट्टे को इससे पहले भी किसी अन्य दूसरे व्यक्ति को बेच दिया था।
साभार: दैनिक भास्कर


