पश्चिमी विक्षोभ बनने और दक्षिण इलाकों से लगातार हवा आने की वजह से बादल छाए, तापमान में 4 डिग्री का हुआ इजाफा
रायगढ़. जनवरी के पहले हफ्ते में ही न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान बढ़ने के साथ ही दोपहर के वक्त भी ठंड गायब है। 11 सालों में ऐसा नहीं हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ बनने और दक्षिण इलाकों से लगातार हवा आने की वजह से बादल छाए हुए हैं, इससे अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। इसका असर आने वाले दो से तीन दिनों तक रहने का अनुमान है। बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक और न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री दर्ज किया गया। 2020 जनवरी के पहले हफ्ते में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहा था। मौसम विशेषज्ञ डॉ एचपी चन्द्रा ने बताया कि जम्मू कश्मीर के पास पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की वजह से लगातार दक्षिण पूर्वी क्षेत्र से हवाएं आ रही है। इसका प्रभाव गुरुवार तक रहेगा इसके बाद शुक्रवार से एक और पश्चिमी विक्षोभ बनने की वजह से आने वाले दो दिनों तक बादल छाए रहने का अनुमान है। इससे रात के समय में तापमान बढ़ेगा, इससे गर्मी बढ़ेगी।
कल तक रहेगा प्रभाव – मौसम विशेषज्ञ डॉ चन्द्रा ने बताया कि गुरुवार को भी न्यूनतम तामपान बढ़ने के साथ बादल छाए रहेंगे इसके बाद शुक्रवार को भी तापमान 19 डिग्री तक रहेगा। इसके शनिवार से मौसम में बदलाव के साथ में धूप निकलेगी, लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है।
साभार: दैनिक भास्कर

