तमनार व घरघोड़ा के स्कूल भवन पहुंचे कलेक्टर भीम सिंह ने 14 बच्चों में बांटे स्मार्टफोन, पढ़ाई पर चर्चा की
रायगढ़. भीम सिंह ने विकासखंड मुख्यालय तमनार व घरघोड़ा में इंग्लिश मीडियम स्कूल के लिए तैयार किए जा रहे भवनों का निरीक्षण किया। कलेक्टर तमनार में प्रारंभ होने जा रहे इंग्लिश मीडियम स्कूल भवन देखने पहुंचे। उन्होंने स्कूल भवन खिड़की, दरवाजे दुरुस्त करने, फ्लोरिंग सही करने, कक्षाओं के बोर्ड को बदलने के साथ ही प्ले ग्राउंड को विकसित करने तथा बाउंड्रीवाल निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल भवन में तमाम जरूरी सुविधाएं मौजूद हो तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता भी उम्दा होनी चाहिए। कलेक्टर ने घरघोड़ा के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का निरीक्षण किया। इस भवन मेंं विकासखण्ड स्तरीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने भवन के रेनोवेशन के लिए जरूरी निर्देश दिए। साथ ही स्कूल भवन के पीछे मैदान पर अतिक्रमण किया गया है उसे हटाने के लिए एसडीएम घरघोड़ा को निर्देशित किया। कलेक्टर ने घरघोड़ा हाईस्कूल में 14 बच्चों को जिला प्रशासन की ओर से मोबाइल प्रदान किया। जिससे वे अपनी ऑनलाइन पढ़ाई जारी रख सके। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातें कर उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा। बच्चों ने बताया कि कोविड के स्कूल बंद से होने पढ़ाई प्रभावित हुई।
तमनार व घरघोड़ा में बनाए जा रहे युवा केंद्रों का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने तमनार में बनाए जा रहे युवा केंद्र का भी निरीक्षण किया। यूथ सेंटर के एक कमरे को कार्यालय तथा शेष को लाइब्रेरी व कम्प्यूटर लैब के रूप में तैयार करने के निर्देश दिए। युवा केन्द्र में तमाम बुनियादी सुविधाएं जुटाने के लिए भी निर्देशित किया। निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। पानी की आपूर्ति के लिए जल जीवन मिशन से कनेक्शन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। घरघोड़ा में पुलिस थाना के पास स्थित प्राथमिक शाला भवन का भी निरीक्षण किया।
साभार: दैनिक भास्कर

