विधायक सौरभ सिंह पहुंचे आंदोलन में, आज भीख मांगकर सरकार को करेंगे दान
अकलतरा. पंचायत सचिवों द्वारा 2 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण करने के पश्चात पंचायत सचिव को शासकीय कर्मचारी घोषित किए जाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल में जाते हुए धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। गुरूवार को पंचायत सचिवों द्वारा शासन एवं प्रशासन में सद्बुद्धि लाने के लिए पूजन के बाद हवन कर आहुति दी गई। आंदोलन स्थल में बड़ी संख्या में पंचायत सचिवों द्वारा उपस्थित होकर अपना समर्थन दिया गया सचिव संघ की अध्यक्ष नीतू सिंह एवं उपाध्यक्ष राजकुमार साहू ने बताया कि हवन में आहुति देकर शासन एवं प्रशासन को सद्बुद्धि लाने के साथ-साथ मुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री के नाम से भी पूर्णाहुति दी गई। पंचायत सचिव संघ द्वारा किए जा रहे आंदोलन को विधायक सौरभ सिंह द्वारा अपना समर्थन देते हुए कहा कि पंचायत सचिवों द्वारा राज्य शासन की कई योजनाओं का क्रियान्वयन करने के साथ-साथ चुनाव कार्य में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की जाती है। राज्य शासन 2 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण करने वाले पंचायत सचिवों को तत्काल शासकीय कर्मचारी घोषित करें। कार्यक्रम में पंचायत सचिव संघ के सचिव हरिराम निर्मलकर, कोषाध्यक्ष मीना साहू, पुष्प लता साहू, श्यामा भारद्वाज, सीताराम पटेल, राजा भारते, मनमोहन साहू, युगल शुक्ला, जलाधर निर्मलकर, शशिप बंजारे, दिल हरण मरकाम, विनोद नेताम, राजाराम पटेल, राजीव सिंह, त्रिभुवन साहू, संतोष श्रीवास, हेमलाल सोनवानी, धनेश्वर पुरी गोस्वामी, ध्रुव शर्मा, रमेश यादव, अशोक पाटले एवं पंचायत सचिव बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
साभार: दैनिक भास्कर


