जांजगीर. केरा रोड पर पेट्रोल पंप, आरा मिल और मार्केटिंग सोसायटी के विवादित जमीन के सीमांकन के लिए गुरुवार को राजस्व की टीम मौके पर पहुंची। दोपहर 12 बजे नापना शुरू हुआ। पांच घंटे की मशक्कत के बाद शाम चार बजे नापजोख पूरी कर टीम ने मौके पर मौजूद सभी के हस्ताक्षर लिए, लेकिन मार्केटिंग सोसायटी और आरा मिल व्यवसायियों की जमीन कहां कहां तक है यह स्पष्ट नहीं बता सके। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर जांच प्रतिवेदन तहसील कार्यालय में देने की बात कही। उनकी रिपोर्ट पर ही तय होगा कि किसने, किसकी, कितनी जमीन पर अतिक्रमण किया है अथवा नहीं। मौके पर पेट्रोल पंप व्यवसायी राजकुमार सिंघानिया, आरा मिल व्यवसायी गणेश सिंघानिया समेत आसपास के कारोबारी और रहवासी भी मौजूद थे। सिंघानिया की तरफ से उनके अधिवक्ता भी खड़े हुए थे। सभी की मौजूदगी में सीमांकन की कार्रवाई शुरू की गई। जांजगीर आरआई अशोक साहू के नेतृत्व में बिरगहनी आरआई शेख मोहम्मद मजीब और पटवारी लक्ष्मी तिवारी, समरजीत सिंह ने पीछे कुएं से राइस मिल की जमीन की नापजोख शुरू की। इसके बाद राइसमिल के सामने से माइनर नहर तक की पूरी जमीन की नाप की गई। इस पूरी कार्रवाई में करीब पांच घंटे का समय लग गया। आरआई ने नापजोख की कार्रवाई पूरी कर नक्शा मिलान व कार्यालय से शेष रिकार्ड खंगालने के बाद प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत करने की बात कही।
पुराने नाप में पेट्रोल पंप के सामने तक जमीन
नापजोख के दौरान युवराज सिंह व उनके एक अन्य सहयोगी ने बताया कि इससे पहले रिटायर्ड हो चुके शिव पटवारी के कार्यकाल में तीन बार मार्केटिंग सोसायटी की जमीन की नाप की गई है। तीनों बार जमीन का आखिरी सिरा पेट्रोल पंप के सामने तक पहुंचा, लेकिन उस समय इस तरह का कोई विवाद नहीं था। इसलिए उन्होंने बाउंड्री नहीं कराई।
चांदा, मुनारा के बगैर नापजोख हम संतुष्ट नहीं
मौके पर पटवारियों ने नक्शे में उल्लेखित राइस मिल के पीछे पुराने कुएं से नापना शुरू किया, लेकिन पेट्रोल पंप व्यवसायी के रिश्तेदार और आर मिल संचालक गणेश सिंघानिया चांदा मुनारा से नाप नहीं करने की बात कहते हुए मौके पर राजस्व के टीम के नापजोख से असंतुष्ट हो गए।
प्रबंधक बोले: हमें किसी से कोई विवाद नहीं
मौके पर मौजूद मार्केटिंग सोसायटी के प्रबंधक मुरली मनोहर शर्मा ने बताया कि शासन से उन्हें 3.90 और 1.10 एकड़ भूमि आवंटित हुई है। उक्त भूमि कहां है, राजस्व विभाग उन्हें बता दे, ताकि वे अपने कॉम्पलेक्स का काम शुरू कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि इसे लेकर उन्हें किसी से कोई विवाद नहीं है।
साभार: दैनिक भास्कर

