कल से जिला अस्पताल, बलौदा व अकलतरा सीएचसी में हेल्थ वर्कर्स को लगेगा कोरोना टीका
जांजगीर. गुरुवार की सुबह जिले के लिए शुभ संदेश लेकर आई है, क्योंकि गुरुवार की दोपहर जानलेवा कोरोना को मात देने वाली कोविशील्ड वैक्सीन जिले में पहुंच गई है। इसे जिला मुख्यालय के वैक्सीन सेंटर में रखा है। यहां से शुक्रवार की शाम तक जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलौदा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचा दिया जाएगा। जहां पहले चरण में शनिवार 16 जनवरी से चिह्नांकित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को वैक्सीन का पहला डोज दिया जाएगा। जिले में कोरोना के लिए वैक्सीन लगाने की तैयारियां पूरी करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी लगे हुए हैं। पहले चरण में फ्रंट लाइन वर्कर जिनमें डॉक्टर्स, स्टाफ नर्स, स्वास्थ्य विभाग के वे लोग जो सीधे फ्रंट लाइन में हैं तथा मितानिन व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को चिह्नांकित किया गया है। ऐसे लोगों की संख्या 10 हजार 405 बताई गई है। उन्हें वैक्सीन लगेगी। हालांकि इनमें भी सब को लगाने से पहले स्वस्थ लोगों को चिह्नांकित किया जा रहा है। ब्लड प्रेशर, शुगर या अन्य बीमारी वालों को बाद में वैक्सीन लगाने की योजना है।
अधिकारियों ने किया स्वागत, माला पहनाई
वैक्सीन का सभी को बेसब्री से इंतजार है। जिला में वैक्सीन की गाड़ी पहुंचने पर एएसपी मधुलिका सिंह, नायब तहसीलदार शेखर पटेल, डाॅ. पुष्पेंद्र लहरे, डॉ.अमित मिरी, डीपीएम विभा टोप्पो, दिनेश्वरी नंद, प्रवीण तिवारी, विनोद राठौर आदि पहुंचे थे। वैक्सीन पहुंचने पर अधिकारियों ने माला पहना कर स्वागत किया।
किस जगह किसका नाम पोर्टल में हो रहा अपडेट
जिला अस्पताल, बलौदा सीएचसी और अकलतरा सीएचसी में पहले टीका लगाया जाएगा। जिन कार्यकर्ताओं को चिह्नांकित किया गया है। उनका नाम किस जगह पर है यह कोविन पोर्टल में अपडेट हो चुका है। उन्हें वैक्सीनेशन का मैसेज उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर जाएगा। उसी सेंटर में उन्हें नियत दिन में पहुंचना होगा।
पहले 60%वैक्सीन ही दी गई
पहले चरण में जिले के 10 हजार 405 लोगों को लगाने के लिए 60% वैक्सीन ही दी गई है। 6 हजार 320 वैक्सीन की सप्लाई जिले में की गई है। बची वैक्सीन बाद में मिलने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई है।
सुरक्षा करेंगे सशस्त्र बल के जवान
वैक्सीन गुरुवार की शाम सुरक्षा के बीच पहुंची। वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए 2 डिग्री तापमान की आवश्यकता पड़ती है। पुराना जिला अस्पताल के बाजू में बने जिला वैक्सीन स्टोर में वैक्सीन रखी गई। यहां सुरक्षा के लिए सशस्त्र बल की ड्यूटी लगाई गई है।
साभार: दैनिक भास्कर

