रायगढ़. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा में शुक्रवार को शिशु संरक्षण माह जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सीएचएमओ डॉ.केशरी ने बताया कि विटामिन ए का नियमित खुराक प्रत्येक छ: महीने में एक बार लेने से बच्चों में रतौंधी, दस्त, श्वांस, संक्रमण, बुखार तथा कुपोषण की संभावना कम हो जाती है। अत: 9 महीने से 5 वर्ष के सभी बच्चों को विभिन्न रोगों से बचाव करने वाली विटामिन की खुराक अवश्य पिलानी चाहिए। साथ ही 9 महीने से 5 वर्ष के बच्चे एवं गर्भवती माताओं को नौ जानलेवा बीमारियों तथा टेटनेस से बचाव के लिए टीके लगवाएं। शिशु संरक्षण माह के दौरान मंगलवार और शुक्रवार को जिले के सभी ग्रामों में आयोजित टीकाकरण सत्रों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर दी जाने वाली सभी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने अपील की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अध्यक्ष जनपद पंचायत घरघोड़ा शहोद्रा राठिया, उपाध्यक्ष नगर पंचायत उस्मान बेग, सीएमएचओ डॉ.एसएन केसरी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.बीपी पटेल समेत जनप्रतिनिधि और अफसर उपस्थित रहे।
साभार: दैनिक भास्कर

