शिवरीनाराय. शिवरीनारायण नगर सहित क्षेत्र के महानदी का तरबूज व खरबूज देश भर में मशहूर है। पिछली बरसात में महानदी ने रौद्र रूप दिखाया था, पानी शिवरीनारायण के विभिन्न मोहल्लों तक भरा था। बरसात में आपदा बनी महानदी अब रोजगार के अवसर दे रही है। महानदी के रेत के कछार में नगर सहित आस पास के गांव व जिला बलौदाबाजार के कई गांवों के किसानों द्वारा खेती की जा रही है। किसानों द्वारा इस क्षेत्र में महानदी के लगभग 50 एकड़ कछार में सब्जी, भाजी, फल की फसल लगाई है। वार्ड क्रमांक 4 के अम्बिका निषाद ने बताया फसलों में तरबूज, खरबूज, ककड़ी, खीरा, तरोई, लौकी, मखना, रखिया शामिल हैं। इन दिनों ककड़ी, खीरा, तुरई, लौकी, कुम्हड़ा तैयार हो गया है, जो बाजार में बिक रहा है। तरबूज व खरबूज मार्च में निकलने लगेंगे। फल व सब्जी के थोक व्यवसायी सागर केशरवानी ने बताया इन दिनों खेतों में लगाए गए तरबूज बाजार में बिक रहे हैं। मार्च के शुरुआत से ही महानदी से तरबूज व खरबूज मंडी आने शुरू होंगे। यहां के तरबूज व खरबूज पूरे देश में मशहूर हैं।
साभार: दैनिक भास्कर

