संक्रमितों की संख्या घटी, मौत की रफ्तार भी धीमी, दोबारा संक्रमण के मामले बढ़े
रायगढ़. एमसीएच कोविड हॉस्पिटल 100 बेड में आठ मरीज और 200 बेड वाले हॉस्पिटल में 17 मरीज हैं । इन मरीजों को भी एमसीएच हॉस्पिटल में शिफ्ट करा कर 200 बेड हॉस्पिटल मेडिकल कॉलेज को हैंडओवर किया जाएगा । यहां कोरोना से पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल का काम चल रहा था । छह कोविड सेंटर में चार बंद हो चुके हैं और पांचवें की तैयारी चल रही है। जिले में कोरोना के दोबारा संक्रमण के मामले भी सामने आ रहे हैं । शहर में मिलने वाले संक्रमितों में अधिकांश होम आइसोलेशन में रहते हैं लेकिन ग्रामीण इलाकों से संक्रमितों को बेहतर सुविधा के लिए अस्पताल में रखा जाता है। जिले में हफ्तेभर से कोरोना संक्रमण से मौतों के आंकड़े में गिरावट से राहत मिली है। वैक्सीनेशन शुरू होने के बाद लोगों में बेफिक्री देखी जा रही है। मास्क, फिजिकल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन जैसे एहतियात नहीं बरते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले कुछ दिनों में दूसरी बार कोरोना संक्रमित हुए 14 मरीज मिले हैं। निजी चिकित्सक मानते हैं कि यह संख्या और भी ज्यादा हो सकती है। मेकाहारा के चेस्ट फिजिशियन डॉ गणेश पटेल बताते हैं कि मेडिकल कर्मचारियों में डेढ़ महीने के भीतर दोबारा संक्रमण के मामले सामने आए हैं। इन लोगों में पहले से ज्यादा कमजोरी, सर्दी, बुखार, हाथ-पैर दर्द जैसी शिकायतें आ रही हैं। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ प्रकाश मिश्रा बताते हैं कि पोस्ट कोविड में मरीज आ रहे हैं, लेकिन उनमें कोई ऐसी गंभीर समस्या नहीं है। पैर दर्द, थकावट आना, सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतों के साथ मरीज आ रहे हैं।
13 कोविड पॉजिटिव मिले, दो लोग हार गए संक्रमण से
रविवार को जिले में 13 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। 31 लोग रिकवर हुए हैं। कोरोना संक्रमण से दो लोगों की मौत एमसीएच कोविड हॉस्पिटल में हुई है। सारंगढ़ के दहिडा कोसीर निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग और धरमजयगढ़ के 48 वर्षीय शख्स की कोरोना से जान गई। मृतक हाई बीपी से पीड़ित था। धरमजयगढ़ के जिस शख्स की मौत हुई कोरोना संक्रमण हावी होने से उसकी किडनी खराब हो गई थी। अस्पताल पहुंचने के वक्त उसे बहुत तेज बुखार, खांसी थी। ऑक्सीजन सेचुरेशन 50 से कम था, जिसके बाद उन्हें निगरानी में रखा गया था। रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है। जिले में अब तक 313 लोगों की मौत हो चुकी है। छुट्टी होने के कारण रविवार को 873 लोगों के ही सैंपल लिए जा सके। एक्टिव मरीजों की संख्या 183 रह गई है।
वापस मेकाहारा लौटे डॉक्टर व स्टाफ
एमसीएच हॉस्पिटल के प्रभारी डॉ अनमोल मिंज बताते हैं, मरीजों की संख्या कम होने के बाद कोविड हॉस्पिटल में विशेष डॉक्टरों की जरूरत नहीं पड़ रही है। आवश्यकता पर मेकाहारा से डॉक्टर भेजे जाते हैं। यहां आठ डॉक्टरों की ड्यूटी है जो 6-6 घंटे के रोटेशन पर काम करते हैं। 10 वेंटीलेटर में चार पर मरीज हैं।
रूटीन सर्जरी बंद थीं, 11 महीने बाद शुरू होंगे आंख के ऑपरेशन
कोविड संक्रमण के कारण 11 महीने से मेकाहारा में रूटीन सर्जरी नहीं हो रही थी। जनरल सर्जरी, नेत्र रोग विभाग, गायनिक डिपार्टमेंट में सिर्फ बहुत आवश्यक ऑपरेशन ही किए गए । सहायक अधीक्षक डॉ. एचएस उरांव ने बताया कि सोमवार या मंगलवार से नेत्र रोग विभाग के ऑपरेशन शुरू कर दिए जाएंगे।
साभार: दैनिक भास्कर

