रायगढ़. लैलूंगा सागरपानी लारीपानी के किसान के खाते से 75 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं। बैंक अफसरों ने बताया कि रुपए लैलूंगा के आसपास के एटीएम से ही निकाले गए हैं। किसान के अनुसार उसका एटीएम कार्ड ब्लॉक हो चुका है। उसने कभी कार्ड का इस्तेमाल ही नहीं किया। रामप्रसाद राठिया का बैंक खाता अपेक्स बैंक पत्थलगांव में है। जिसे झगरपुर धान मंडी सोसायटी ने खुलवाया था। उसी के पट्टे में झगरपुर निवासी मोन्टा सेठ व लारीपानी का दीपक सेठ भी धान बेचते थे। किसान 6 फरवरी को दीपक के साथ पत्थलगांव पैसे निकाले गया था। यहां उसे पता चला कि उसके खाते से 75 हजार रुपए निकाले गए हैं। उसने या उसके परिवार से किसी ने पैसे नहीं निकाले। किसान को शक है कि फर्जी तरीके से किसी ने एटीएम जारी करा उसके खातों से रुपए निकाल लिए हैं। रुपए 6 बार में निकाले गए हैं। सभी लैलूंगा के आसपास के ही क्षेत्र के एटीएम से निकाले गए हैं।
खाते से बदमाश ने ऐसे निकाले होंगे रुपए
एक्सपर्ट के मुताबिक एटीएम का इस्तेमाल नहीं करने के कारण उसकी क्लोनिंग की आशंका कम है। किसान के खाते से दूसरे लोग धान बेच रहे थे, नियम और सरकार की व्यवस्था के मुताबिक एक व्यक्ति के समिति के खाते में बिके पूरे धान का भुगतान उसके बैंक खाते में होता है। ऐसे में आशंका है कि आदिवासी किसान के खाते की पूरी जानकारी उसके खाते में धान बेच रहे शख्स को हो। उसने ही एटीएम कार्ड जारी करा लिया हो, अपनी राशि के आहरण के बजाय उसने खाते में डले सारे रुपए निकाल लिए हों। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
साभार: दैनिक भास्कर

