रायगढ़. बोनस नंबर की वजह से इस बार कोई छात्र टॉपर नहीं बन सकेगा। मेरिट लिस्ट में इन नंबरों को नहीं जोड़ा जाएगा। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) से इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। पास होने के लिए अब भी यह बोनस नंबर काम आएंगे। क्योंकि, इसके नंबर जोड़कर अंकसूची तैयार की जाएगी। बोनस के रूप में विभिन्न कैटेगरी में छात्रों को 10 से लेकर 20 नंबर तक बोनस के रूप में दिए जाते हैं।
पिछली सालों में यह देखा गया है कि बोनस नंबर की वजह से कई छात्रों ने टॉप-10 की मेरिट लिस्ट में जगह बनायी। कई छात्र मेरिट लिस्ट में भी टॉप पर रहे। लेकिन इस साल ऐसी स्थिति नहीं रहेगी। बोनस नंबर को बगैर जोड़े इस बार मेरिट लिस्ट तैयार होगी। जैसे यदि किसी छात्र ने सभी विषयों में 470 नंबर पाया और बोनस के रूप में उसे 10 नंबर मिले, तो कुल प्राप्तांक 480 नंबर होता है। लेकिन मेरिट में 470 नंबर ही मान्य होगा। 10वीं-12वीं के छात्रों को एनसीसी, एनएसएस, खेलकूद समेत अन्य कैटेगरी में बोनस के रूप में 10 से 20 नंबर तक देने का प्रावधान है। कोरोना काल में स्कूल बंद रहे। विभिन्न गतिविधियां भी नहीं हुई।
10वीं में 83 हजार तो 12वीं में 27 हजार देंगे परीक्षा
दसवीं-बारहवीं की बोर्ड परीक्षा के लिए इस बार 7 लाख 56 हजार छात्रों के आवेदन मिले हैं। पिछली बार की तुलना में दसवीं में 83 हजार जबकि बारहवीं में 27 हजार छात्र बढ़े हैं। कोरोना काल में ऑफलाइन एग्जाम और छात्रों की संख्या अधिक होने की वजह से इस वर्ष केंद्रों की संख्या बढ़ायी जाएगी। अफसरों का कहना है कि जिस स्कूल से छात्रों ने आवेदन किया है, वहीं उसका परीक्षा केंद्र होगा।
साभार: दैनिक भास्कर

