72 घंटे के भीतर उठाव का प्रावधान पर 8 दिन बीतने के बाद भी 20 लाख क्विंटल धान समिति में जाम
जांजगीर. धान खरीदी केंद्रों में पड़े धान के उठाव, सुरक्षा और प्रासंगिक व्यय की मांग को लेकर सहकारी समिति के कर्मचारी सोमवार को कलेक्टोरेट का घेराव करने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कलेक्टोरेट चौक पर ही रोक लिया। उनकी मांग पर डीआरसीएस, खाद्य अधिकारी और डीएमओ को चौक पर बुलाया गया। मौके पर आए अफसरों ने सहकारी समिति संघ की मांग सूनी और शासन के निर्देश अनुरूप निराकरण का आश्वासन दिया।। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने अफसरों को धान के उठाव में हो रही देरी, धान की सुरक्षा और उस पर समितियों द्वारा हो रहे खर्च आदि की बात बताई। उन्होंने अफसरों से शासन द्वारा मिलने वाले व्यय राशि से धान की सुरक्षा कर पाना संभव नहीं होने की बात कही। जिले में कुल 196 सहकारी समितियों के अंतर्गत करीब 230 उपार्जन केंद्र है। नियम अनुरूप यहां धान खरीदी के 72 घंटे भीतर धान का उठाव किया जाना है, लेकिन खरीदी समाप्त होने के 8 दिनों बाद भी धान का उठाव नहीं हो सका है। खुले में रखे धान से नुकसान का डर है। जिसकी भरपाई शासन समितियों के खातों से करेगी। इस साल जिले में कुल 1 लाख 83 हजार किसानों से शासन ने कुल 79 लाख 82 हजार क्विंटल धान खरीदा है। जिसमें से 20 लाख क्विंटल धान अभी भी समितियों से उठाव नहीं हो सका है।
साभार: दैनिक भास्कर

