अभी पुलिस, पंचायत, सफाई कर्मचारियों को लगाई जा रही है वैक्सीन
रायगढ़. हफ्तेभर में राजस्व, पंचायत, पुलिसकर्मियों और सफाई कर्मचारियों के साथ बचे हुए स्वास्थ्य कर्मचारियों को मिलाकर लगभग 4 हजार लोगों को टीका लगाया जाएगा। अगले हफ्ते से कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज दी जाएगी। दो दिनों पहले राजस्व विभाग के 659 लोग और 500 स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीका लगाया जाना है। हर ब्लॉक में तीन से चार पीएचसी और सीएचसी में टीका लगाया जा रहा है। अब छुट्टी के दिन छोड़ कर बाकी दिनों में वैक्सीन लगाई जा रही है। पहले मंगलवार और शुक्रवार को वैक्सीन नहीं लगाई जा रही थी। जिन्हें 16 जनवरी को टीका लगा था उन्हें दूसरी डोज 15 फरवरी से दी जाएगी। प्राइवेट हॉस्पिटलों के कर्मचारियों को वैक्सीन लगाने के लिए मेट्रो और अपेक्स अस्पताल में सेंटर बनाया गया था। इसे बंद कर अब मेडिकल कॉलेज परिसर पर दो जगहों में और संत माइकल स्कूल पर दो जगहों में कोरोना वैक्सीन लगाई जा रही है। अगले पंचायत विभाग के 1800, पुलिस के 1237 और 1043 सफाई कर्मियों के अलावा बचे हुए स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा।
तीसरी खेप इसी हफ्ते आएगी
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ भानू पटेल ने बताया, इसी हफ्ते कोरोना की तीसरी खेप पहुंचेगी। पुराने और नए लोगों को अभी कोविशील्ड वैक्सीन लगाई जा रही है। पहले 18 हजार 500 टीका मिले थे। मार्च के पहले सप्ताह से 50 से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी, इसे ले कर केन्द्र सरकार से गाइडलाइन जल्द मिल सकती है।
साभार: दैनिक भास्कर


