अभी तक करीब 14,000 लोगों ने लगवाया कोरोना का टीका कोविशील्ड
कोविड-19 टीकाकरण का अब तक नहीं दिखा कोई भी प्रतिकूल प्रभाव
रायगढ़ 10 फरवरी, 2021, जिले में कोरोना टीकाकारण का दूसरा चरण अब अपने अंतिम पड़ाव में पहुंच चुका है। 9 फरवरी तक सभी ब्लॉकों के 6,247 फ्रंट लाइन वर्कर्स जिनमें राजस्व, पंचायत, पुलिसकर्मियों और सफाई कर्मचारी शामिल हैं को टीका लग चुका है। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग के लोगों को पहली डोज दी जा चुकी है जो किसी कारणवश छूट गए थे उन्हें भी टीका लगाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 9 फरवरी तक रजिस्टर्ड 15,759 लाभार्थियों में से 13,869 लोगों को टीका लग चुका है। इस तरह जिले में टीकाकरण की दर 88 फीसदी है। स्वास्थ्य विभाग आने वाले एक-दो दिनों में इसे पूरा कर लेगा। कई महिलाओं के गर्भवती होने और कई लोगों के ट्रांसफर होने कारण टीकाकरण की दर थोड़ी कम है लेकिन जितने उपलब्ध हैं सभी को यथाशीघ्र टीका लगाने की बात विभाग के अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
जिन्हें 16 जनवरी को टीका लगा था उन्हें दूसरी डोज 15 फरवरी से दी जाएगी। हर ब्लॉक में तीन से चार पीएचसी और सीएचसी में टीका लगाया जा रहा है। अब छुट्टी के दिन छोड़ कर बाकी दिनों में वैक्सीन लगाई जा रही है। पहले मंगलवार और शुक्रवार को वैक्सीन नहीं लगाई जा रही थी। इस तरह हर दिन 20 से अधिक जगहों पर टीका लगाने की योजना बनाई जाती है।
प्राइवेट हॉस्पिटलों के कर्मचारियों को वैक्सीन लगाने के लिए मेट्रो और अपेक्स अस्पताल में सेंटर बनाया गया था। इसे बंद कर अब मेडिकल कॉलेज परिसर पर दो जगहों में और संत माइकल स्कूल पर दो जगहों में कोरोना वैक्सीन लगाई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएन केसरी ने बताया, “टीकाकरण के लिए फ्रंट लाइन वर्कर्स में काफी उत्साह है वे सभी अपने नियत समय और दिन पर टीका लगवाने आ रहे हैं। कलेक्टर भीम सिंह, एसपी संतोष सिंह और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने भी टीका लगवा लिया है और सभी ने अपने मातहतों को टीका लगाने के लिए प्रेरित किया है। हमनें 9 फरवरी तक पूरे जिले में 88 फीसदी से अधिक टीकाकरण किया है। जल्द ही सभी लाभार्भियों को टीका लग जाएगा।
अफवाहों पर ध्यान न दें :जिला टीकाकरण अधिकारी
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भानू पटेल ने बताया, “पूरे जिले में करीब 14,000 लोगों ने कोविशील्ड की पहली डोज ले ली है और अभी तक किसी में भी इसका प्रतिकूल प्रभाव देखने को नहीं मिला है। कोविड-19 टीकाकरण पूर्णता सुरक्षित है इससे किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। फिलहाल फ्रंट लाइन वर्कर्स और छूटे हुए स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लग रहा है। 50 साल से अधिक लोगों को कब लगेगा इसके बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। टीकाकरण को लेकर किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। जिला स्वास्थ्य विभाग लोगों को टीके के बारे में निरंतर सचेत और सावधान कर रहा है”।
तीसरी खेप इसी हफ्ते आएगी
डॉ. भानू पटेल ने बताया, “इसी हफ्ते कोविड वैक्सीन की तीसरी खेप पहुंचेगी। पुराने और नए लोगों को अभी कोविशील्ड वैक्सीन लगाई जा रही है। सबसे पहले 10,180 उसके बाद 18,150 वैक्सीन मिले थे। इस तरह जिले को अभी तक 28,000 से अधिक वैक्सीन मिल चुके हैं। 15 फरवरी से दूसरा डोज लगना शुरू हो जाएगा तो हमें इस सप्ताह में ही अगला डोज मिल जाएगा।


