आरोपी के डर से दो दिन बाद परिजन को बताया
तमनार थाना क्षेत्र की घटना, आराेपी फरार
रायगढ़. तमनार के एक गांव में बकरी चराने गई नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है । किशोरी ने घटना के दो दिन बाद परिजन के साथ थाने जाकर मामला दर्ज कराया है। तमनार पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गांव की 16 वर्षीय किशोरी 7 फरवरी की दोपहर खेत में बकरी चराने गई थी। इसी दौरान गांव का युवक अशोक चौहान पहुंचा। उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया । वारदात के बाद आरोपी ने किशोरी को धमकाया कि उसने यह बात किसी से कही तो उसे जान से मार देगा। घटना के बाद किशोरी घर पहुंची, वह डरी सहमी रही। दो दिन तक गुमसुम देखकर घर वालों ने उससे चुप-चुप रहने की वजह पूछी तो किशोरी ने अपने साथ ही ज्यादती की बात बताई। किशोरी को लेकर उसके परिजन तमनार थाने पहुंचे और रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर धारा 376 और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी किरन गुप्ता ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।
साभार: दैनिक भास्कर

