सड़क किनारे और नालियों पर लगते हैं 60 से अधिक पसरे, नगर निगम की टीम श्याम बगीची में शिफ्ट करा रही थी दुकानंे
रायगढ़. संजय कॉम्प्लेक्स में नाली के ऊपर और सड़क के दोनों ओर पसरा लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं को शुक्रवार की निगम की टीम श्याम बगीची मैदान पर जाने के लिए कहा। जैसे ही वे पसरा लगाने वाले वहां पहुंचे। श्री श्याम मंडल के सदस्यों ने इसका विरोध किया। घंटों तक निगम और श्याम मंडल के सदस्यों के बीच बहस हुई। श्याम मंडल के सदस्य भगवान की तस्वीर लेकर मैदान पर बैठ गए। दिनभर नोकझोंक के बाद सब्जी बेचने वाले वापस सड़क किनारे जा बैठे। कलेक्टर भीम सिंह ने शहर भ्रमण के दौरान निगम को संजय कांप्लेक्स में नालियों पर लगने वाली सब्जी व फल दुकानों को पीछे की तरफ खुले मैदान में शिफ्ट करने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को निगम का एक दल सब्जी व्यवसायियों को हटाने के लिए पहुंचा था। माइक से अनाउंस कर सब्जी व्यवसायियों को पीछे के खुले मैदान पर अपना पसरा लगाने के लिए कहा गया। सड़क किनारे बैठे पसरा वाले श्याम बगीची मैदान पर जाने लगे। श्री श्याम मंडल के सदस्यों ने मौके पर कार्रवाई का विरोध किया। सदस्यों ने कहा, निगम बिना सूचना के समिति के कब्जे वाली जमीन (श्याम बगीची) पर पसरा लगवा रहा है। निगम के अफसरों की दलील थी कि वे खाली मैदान पर व्यवस्था बना रहे हैं ताकि सड़क के किनारे से कब्जा हट जाए। बात नहीं बनी तो श्याम मंडल के सदस्य कुर्सी लगाकर धरने पर बैठे रहे। सब्जी व्यवसायी भी शाम होते-होते अपने स्थानों पर वापस आ गए।
पसरे को लेकर सब्जी व्यवसायी आपस में भिड़े
पसरा बंटवारे के दौरान ही सब्जी व्यवसायी आपस में हाथापाई करने लगे। दोपहर लगभग 1 बजे से शाम 5.30 बजे तक यहां विवाद चलता रहा। एक ओर निगम कर्मी अनाउंसमेंट कर सड़क और नाली छोड़ मैदान पर जाने के लिए कहते रहे वहीं श्याम मंडल के लोग यहां कुर्सी डालकर बैठे रहे। मैदान के किनारे पर बची जगह के लिए सब्जी विक्रेताओं में आपस में खींचतान चलती रही। शाम 6 बजे निगम की टीम के लौटने के बाद पसरे वापस सड़क के किनारे चले गए।
इतवारी बाजार में शिफ्टिंग की तैयारी
संजय कांप्लेक्स में सब्जी दुकान लगाने वाले व्यवसायियों को लगभग 6 माह के लिए इतवारी बाजार में शिफ्ट किया जाएगा। जिसे लेकर नगर निगम ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। लेकिन शिफ्टिंग से पहले सभी सब्जी व्यवसायियों को इतवारी बाजार में अस्थायी पसरे बनाकर दिए जाएंगे। इसमें समय लगेगा इससे पहले प्रशासन सब्जी मंडी यहीं व्यवस्थित करने में लगा है।
152% पर जमीन खरीदने दिया है आवेदन
श्री श्याम मंडल के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने भास्कर को बताया, 2006 से इस खाली पड़ी जमीन का उपयोग मंदिर श्याम बगीची के रूप में कर रहा है। यहां हर साल धार्मिक आयोजन होता है, यहां श्याम बगीची का बोर्ड भी लगाया गया है। इसके बावजूद निगम जबरदस्ती इस पर सब्जी विक्रेताओं का बैठाना चाहता है। जमीन का मालिकाना हक मंडल के पास नहीं है लेकिन शासन के नियमों के मुताबिक इसे 152 प्रतिशत दर वाली योजना के तहत लेने के लिए आवेदन दिया हुआ है।
ट्रैफिक समस्या ना हो इसलिए अस्थायी इंतजाम
“मंदिर समिति के लोगों ने कलेक्टर से शिकायत कर संबंधित जमीन पर अपना कब्जा बताया है। निगम के अनुसार जमीन पर किसी का कब्जा नहीं है। ट्रैफिक की समस्या ना हो इसलिए हमने ठेले और पसरों को अस्थायी तौर पर वहां शिफ्ट करने के लिए कहा था। कोई स्थायी निर्माण नहीं किया जा रहा है।”
-आशुतोष पांडेय, निगम आयुक्त
साभार: दैनिक भास्कर

