जांजगीर. बिलासपुर में प्रारंभ हो रहे भारत सरकार की खेलो इंडिया खेलो एक्सीलेंस आवासीय खेल अकादमी में प्रवेश के लिए जांजगीर में 15 से 16 फरवरी तक चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। 17 फरवरी को आखिरी रिजल्ट बनाया जाएगा। 14 फरवरी तक रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख तय की गई थी। इस दौरान लगभग सवा दो सौ से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया। 15 फरवरी को सुबह 10 बजे से हाईस्कूल मैदान में एथलेटिक्स का ट्रायल शुरू होगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आगामी वित्तीय वर्ष से बिलासपुर में भारत सरकार के खेलो इंडिया खेलो योजना अंतर्गत ‘‘खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस‘‘ प्रारंभ किया जा रहा है। यह सेंटर आवासीय खेल अकादमी होगी। जिसमें हाॅकी, एथलेटिक्स एवं तीरंदाजी के बालक- बालिकाओं को खेल का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। बिलासपुर के साथ-साथ रायपुर में भी खेल विभाग द्वारा राज्य स्तरीय खेल अकादमी प्रारंभ की जा रही है। जिसमे हॉकी, एथलेटिक्स एवं तीरंदाजी का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला में हुए चयनित तो मिलेगा राज्य स्तरीय का मौका
जिला स्तरीय चयन ट्रायल में चयनित बालक-बालिकाओं को राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में सम्मिलित कराया जाएगा। जिसमें जिले से भाग लेने वाले खिलाड़ियों की अधिकतम संख्या हाॅकी में 10 बालक, 10 बालिका, एथलेटिक्स में 12 बालक, 12 बालिकाएं एवं तीरंदाजी में 6 बालक, 6 बालिकाएं हैं। राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में भाग लेने हेतु आने-जाने का व्यय खेल विभाग द्वारा वाहन किया जाएगा। राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में चयनित बालक-बालिकाओं को पात्रता संबंधित अन्य संस्थाओं को पूर्ण करने की स्थिति में अकादमी में प्रवेश दिया जाएगा तथा उनके निशुल्क खेल प्रशिक्षण, शिक्षा, आवास, भोजन आदि की व्यवस्था की जाएगी।
साभार: दैनिक भास्कर

