जांजगीर. केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि बिल के विरोध में किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन का समर्थन कांग्रेस ने किया है। पहले दो चरणों में चक्काजाम, धरना प्रदर्शन के बाद अब किसानों को बिल की खामियां बताने के लिए कांग्रेसी गांव गांव जाएंगे। इसकी शुरुआत 16 फरवरी से होगी। अकलतरा के जांजगीर मोड़ मिनीमाता चौक पास से पदयात्रा की शुरुआत होगी तथा पहला चौपाल तरौद में लगाया जाएगा। जिला कांग्रेस प्रवक्ता शिशिर द्विवेदी ने बताया कि किसानों के आंदोलन के समर्थन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। जिसके तहत 1 से 10 फरवरी तक देश के सभी ब्लॉक, नगर मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। 20 फरवरी तक जिला स्तरीय पदयात्रा एवं 28 फरवरी तक प्रदेश स्तरीय विशाल किसान सम्मेलन का कार्यक्रम तय किया गया है। 16 फरवरी को विधानसभा अकलतरा एवं जांजगीर चांपा के अंतर्गत प्रातः 10 बजे से अकलतरा मोड़ स्थित मिनीमाता प्रतिमा में माल्यार्पण कर 10.30 बजे ग्राम तरौद में चौपाल लगाया जाएगा। 11 बजे किरारी में पदयात्रा का शुभारंभ एवं चौपाल, 12 बजे चोरभट्ठी में भ्रमण, 1 बजे तागा में चौपाल, 2.30 बजे धाराशिव (खोखरा) में भ्रमण, 4 बजे मेंहदा चौक में किसानों से मुलाकात होगी।

