कलेक्टर श्री सिंह ने जनचौपाल में सुनी समस्यायें, निराकरण हेतु अधिकारियों को दिये निर्देश
रायगढ़, 15 फरवरी2021/ कलेक्टर श्री भीम सिंह ने जनचौपाल में लोगों की समस्याएं सुनी। जन चौपाल में ग्राम-नाचनपाली की कु.आकृति कोसले तथा ग्राम-तालदेवरी के हर्ष अजय अपने पालकों के साथ पहुंचे थे। पालकों ने बताया कि बच्चे श्रवण बाधित है, जिससे उन्हें सुनने में दिक्कत होती है। कलेक्टर श्री भीम सिंह के निर्देश पर तत्काल बच्चों के लिये श्रवण यंत्र उपलब्ध करवाया गया। जिसे उन्होंने पालकों को सौंपा।
ग्राम डूमरमुड़ा के श्री बिजेन्द्र कुमार चन्द्रा भी जनचौपाल में पहुंचे। यहां उन्होंने कंपनी द्वारा बिना बताये नौकरी से निकाले जाने के संबंध में शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि वे हाईस्किल वर्कर के रूप में श्याम इस्पात प्रा.लि.कंपनी में जुलाई 2009 से एक कांटे्रक्टर के माध्यम से कार्यरत थे। कंपनी ने 01 नवम्बर 2019 को बिना किसी पूर्व सूचना के काम से निकाल दिया। कंपनी ने उनके भविष्य निधि तथा गे्रच्युटी का निराकरण अब तक नहीं किया है। जिसके निराकरण हेतु उन्होंने श्रम कार्यालय में आवेदन दिया हुआ है। श्रमायुक्त कार्यालय द्वारा कंपनी को समक्ष में प्रस्तुत होकर जवाब प्रस्तुत करने के लिये कहा गया। किन्तु आज पर्यन्त इस पर कंपनी द्वारा कोई उचित कार्यवाही नहीं की गई है। कलेक्टर श्री सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुये सहायक श्रमायुक्त को निर्देशित किया कि उक्त प्रकरण में तत्काल यथोचित कार्यवाही की जाये।
कलेक्टर श्री सिंह से मिलने तमनार के कृषक संजय बेहरा भी पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उनका बेटा राहुल बेहरा वर्तमान में इंजीनियरिंग कॉलेज में अध्ययनरत है। उसकी पढ़ाई जारी रखने के लिए उसे ऋण की आवश्यकता है। कलेक्टर श्री सिंह ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि संजय बेहरा को तत्काल उनके पुत्र की शिक्षा के लिए ऋण दिलवाया जाए।

