प्रतिदिन गोबर खरीदी की जानकारी आॅनलाईन प्रविष्टी गंभीरता से करने की दी हिदायत
मनरेगा कार्यो में रोजगार सृजन में प्रगति लाने एवं लक्षित मानव दिवस के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने के दिये निर्देश
दो वर्ष से अधिक लंबित प्रकरणों का तत्काल करें निराकरण-कलेक्टर
बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिश जारी करने के दिये निर्देश
जशपुरनगर 16 फरवरी 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज मोबाईल एप्लिकेशन के माध्यम से सभी विभागों के जिला अधिकारियों की समय सीमा की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा। बैठक में आॅनलाईन वर्चुअल एप्लीकेशन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक श्री बालाजी राव, वनमण्डलाधिकारी श्री कृष्ण जाधव, सीईओ जिला पंचायत श्री के.एस.मण्डावी, डिप्टी कलेक्टर आर. एन. पाण्डे, सभी अनुविभागीय अधिकारी, जनपद सीईओ और नगरीय निकाय के अधिकारी सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी जुड़े।
कलेक्टर श्री कावरे ने बैठक में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान पूछे गए प्रष्नों का जवाब समय पर उपलब्ध कराने के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए। इस हेतु सभी अधिकारियों को बिना पूर्व सूचना के अवकाश में नही जाने की हिदायत दी।
कलेक्टर ने जिले में कोविड-19 टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में कोविड वैक्सीन के दिये गये लक्ष्य को शतप्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस हेतु स्वास्थ्य विभाग एवं नगरपालिका के फ्रंट लाइन हेल्थ वर्कर ,पुलिस, राजस्व, महिला बाल विकास से जुड़े आंगनबाड़ी सहायिका, कार्यकर्ता एवं पंचायती राज व्यवस्था से जुड़े अधिकारी, कर्मचारियो को अनिवार्य रुप से टीका लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभाग के टीका के लिए लंबित कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से टीका लगवाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने द्वितीय चरण का टीकाकरण के संबंध में सीमएएचओ को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन्हे टीका लगे 28 दिन हो गया है उन्हें द्वितीय चरण का टीका लगाया जाए। इस हेतु उन्हें विभागीय एवं व्यक्तिगत रूप से सूचित किया जाए। एसपी श्री बालाजी ने बताया कि पुलिस विभाग में लगभग 50 प्रतिशत कर्मचारियों को टीका लग गया है एवं शेष को टीका लगाया जा रहा है। उन्होंने जिले के सभी पंचायतों में व्यवस्थित रूप से माइग्रेशन रजिस्टर संधारित कराने की बात कही। जिसमें पंचायत स्तर से अन्य जिले अथवा राज्य में कार्य करने जाने वाले लोगों की जानकारी उपलब्ध हो सके एवं जिले के बाहर किसी के साथ अप्रिय घटना होने पर उसे आसानी से पता लगाया जा सके। कलेक्टर श्री कावरे ने सभी पंचायतों में माईग्रेसन रजिस्टर का व्यवस्थित न रखने वाले कर्मचारियों पर दंडात्मक कार्रवाही करने के निर्देश दिए है।
कलेक्टर ने प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना के अंतर्गत जिले के नगरीय निकाय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के गौठानों में होने वाली गोबर खरीदी एवं जैविक खाद निर्माण की अद्यतन जानकारी पोर्टल पर प्राथमिकता से प्रविष्ट कराने के निर्देष दिए। उन्होंने सभी गौठान अधिकारियों को प्रतिदिन होने वाले गोबर खरीदी की जानकारी प्रविष्ट कर डाटा सिंक करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि गोबर खरीदी की जानकारी समय पर पोर्टल पर प्रविष्ट न होने से बाद में भुगतान में विलम्ब होती है। हर 15 दिन बाद गोबर खरीदी का भुगतान किया जाता है इसलिए 1 तारीख से 15 तारीख के बीच होने वाली गोबर खरीदी का डाटा प्रतिदिन पोर्टल पर अपलोड करे। साथ ही निर्मित जैविक खाद की भी अद्यतन जानकरी पोर्टल पर एंट्री करने की हिदायत दी। जिससे जिले में निर्मित कुल जैविक खाद की उचित मात्रा की जानकारी मिल पाए एवं खाद को सहकारी समितियों के माध्यम से विक्रय कराया जा सके। कलेक्टर ने द्वितीय चरण के गौठानों में जैविक खाद तैयार करने के लिए निर्माण किये जा रहे वर्मीटाका को भी जल्द से जल्द पूर्ण कराने की हिदायत दी। उन्होंने आवर्ती चराई के गौठानो में भी ग्राम सभा से अनुमोदन कराकर गौठान समिति का गठन कराने के निर्देश दिए।
श्री कावरे ने सभी विकासखंडो के आदर्ष गौठानों को मल्टीएक्टिविटी सेंटर के रूप में विकसित करने के लिए सभी अधिकारियों को प्रयास करने की बात कही। गौठानों में आजीविका संसाधन के लिए मुर्गी-बकरी पालन, बटेर पालन, मशरूम उत्पादन, रेशमपालन, दुग्ध उत्पादन, बांस के कार्य, सहित अन्य कार्य कराने एवं हर्रा, बेहरा, चिरौंजी, आम, कटहल, बेर, ईमली जैसे वनोपज का प्रसंस्करण गौठानों में ही कराने की बात कही जिससे महिलाएं स्वावलंबी बन सके। इस संदर्भ में सीईओ जिला पंचायत ने सभी जनपद सीईओं को विकासखंड के बड़े गौठानों में मनरेगा के माध्यम से डबरी निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने की बात कही। जिससे अगले सत्र में गौठान में महिलाएं मछली पालन कर आत्मनिर्भर बन सके।
कलेक्टर ने जिले में मनरेगा के प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि रोजगार सृजन में प्रगति लाते हुए लक्षित मानव दिवस के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराएं। सभी अधिकारी अपने जिम्मेदारियों का ईमानदारीपूवर्क निर्वहन करें। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को मनरेगा के तहत विभिन्न कार्यो की स्वीकृति कराकर रोजगार सृजन के लिए पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक को निर्देश जारी करने की बात कही तथा उदासीनता बरतने वाले के खिलाफ कार्यवाही करने की हिदायत दी।
श्री कावरे ने वन अधिकार पत्र की समीक्षा करते हुए निरस्त वनाधिकार पत्र दावों का पुनः समीक्षा कर पात्र आवेदनों को अनुमोदन के लिए जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत करे जिससे आवेदनों का अगले बैठक में अनुमोदन किया जा सके। उन्होंने जिले में कक्षा 9वीं से 12वीं के बच्चों की पढ़ाई के लिए पुनः प्रारंभ हुए विद्यालयों के संचालन के दौरान कोविड-19 गाईडलाईन का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल के मुख्य द्वार पर ही आने वाले विद्यार्थियों का थर्मल स्क्रीनिंग एवं सेनेटाईज किया जाए तथा स्कूलों में शिक्षक सहित सभी बच्चों द्वारा मास्क एवं सोसल डिस्टेंस का पालन किया जाए।
कलेक्टर ने सभी विभागों के समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए गैर निराकृत होने के कारणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबे समय से गैर निराकृत प्रकरणों का समय पर निपटारा करना जरूरी है। सभी अधिकारी अपने विभाग के अंतर्गत दो वर्ष से अधिक लंबित प्रकरणों का तत्काल जांच कराकर निराकृत करे। उन्होंने अधूरे भवन निर्माण, आश्रम-छात्रावास, पेंशन, अनुकंपा नियुक्ति, दावा आपत्ति, लोक सेवा गारंटी के तहत् बनाए जाने वाले जाति, निवास प्रमाण पत्र, खाता विभाजन, नामांतरण व सीमांकन के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए शीघ्र ही पूरा कराने एवं निराकृत आवेदनों को विलोपन कराने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को कलेक्टर ने कारण बताओ नोटिश जारी करने के निर्देश दिये है।

