नई कार्यकारिणी में जगह नहीं मिलने से नाराज वरिष्ठ महिला कांग्रेसी पहुंचीं पार्टी के दफ्तर, पदाधिकारियों पर उतारा गुस्सा
रायगढ़. जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में मंगलवार को वरिष्ठ महिला कांग्रेसियों ने सोमवार को घोषित जिला कार्यकारिणी पर जमकर भड़ास निकाली। कल शाम कोषाध्यक्ष के अलावा, 9 उपाध्यक्ष, 7 महामंत्री, 13 कार्यकारिणी सदस्य, 9 संयुक्त सचिव, 13 सचिव की सूची जारी की । पूर्व सांसद पुष्पा देवी सिंह, केके गुप्ता, शक्राजीत नायक, उमेश पटेल समेत और चारों विधायक समेत 22 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 17 विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए हैं। मंगलवार को उर्मिला लकड़ा, संजना शर्मा, रेखा वैष्णव, अरुणा चौहान समेत कुछ सीनियर महिला कांग्रेसी जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष अनिल शुक्ला से मिलने पहुंचीं। उर्मिला पिछली कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष और संजना शर्मा महामंत्री थीं। इस बार दोनों का नाम नहीं होने के साथ ही कुछ वरिष्ठ महिला कांग्रेसियों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में बहस हुई। जिला अध्यक्ष अनिल ने कहा, जो भी सूची बनी है वह वरिष्ठ नेताओं और विधायकों से चर्चा और सहमति के बाद बनाई गई है। सभी को जगह दी गई है। नाराज महिला कांग्रेसियों ने नई कार्यकारिणी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सूची में 8-10 लोग ऐसे हैं जो पूर्व में कांग्रेस से या तो निष्कासित हुए थे या फिर कांग्रेस से हाल में ही जुड़े हैं। उन्हें तवज्जो देकर पुराने निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। असंतुष्टों ने कहा, अगर एक पद पर दो लोगों को नहीं रखने की दलील है तो वर्तमान में एमआईसी सदस्य को ब्लाक कांग्रेस में जगह दी गई है। नियम या सिद्धांत सभी के लिए एक जैसे हों।
महिला और यूथ कांग्रेस की लिस्ट बाकी, उसमें एडजस्ट करेंगे: शुक्ला
कार्यकारिणी के गठन में किसी तरह का भेदभाव नहीं किया गया है। सभी की सहमति से सूची बनाई गई है। कोशिश की है कि सभी को यथोचित जगह मिले। निष्ठावान कांग्रेस कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं लेकिन स्वाभाविक है कि कुछ कार्यकर्ताओं के नाम छूटेंगे। अभी महिला कांग्रेस और यूथ कांग्रेस की कार्यकारिणी का गठन किया जाना है। जो महिला या दूसरे कार्यकर्ता रह गए हैं उन्हें इन दोनों जगह महत्व दिया जाएगा। इसके बाद भी कोई असतुंष्ट होगा तो जिला कांग्रेस कमेटी की दूसरी सूची जारी कर उन्हें जगह दी जाएगी।
जिन्होंने पार्टी के लिए मेहनत की उनकी अनदेखी क्यों: संजना
पूर्व महामंत्री और पार्षद संजना शर्मा ने कहा, मैं पार्षद हूं मुझे दूसरा पद नहीं चाहिए लेकिन जिन महिला कांग्रेसी साथियों ने पार्टी के लिए सालों विपक्ष में रहते हुए भी मेहनत की उनकी अनदेखी नहीं होनी चाहिए। यह पार्टी का मामला है, हमें हक है कि अपनी नाराजगी पार्टी के भीतर जाहिर करें। उर्मिला लकड़ा, अरुणा चौहान और रेखा वैष्णव जैसी कार्यकर्ताओं को जगह मिलनी चाहिए। इससे पार्टी के प्रति निष्ठा बढ़ेगी। जरूरत पड़ी तो हम लोग पार्टी के बड़े नेताओं से भी मिलकर अपनी बात रखेंगे।
साभार: दैनिक भास्कर

