रायगढ़. मंगलवार को जिले में मौसम का मिजाज बदला। सुबह से दोपहर तक तेज धूप खिली रही लेकिन नागपुर के आसपास चक्रवात के असर से दोपहर 3 बजे धूल भरी तेज आंधी चली। शाम को शहर के साथ कुछ स्थानों में लगभग 30 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। इससे शहर में ठंडी हवा चली और रात को ठंड फिर लौट आई। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि विदर्भ के ऊपर एक चक्रवाती घेरा 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। एक द्रोणिका कोंकण से विदर्भ तक इसी ऊंचाई पर स्थित है। इसका प्रदेश पर असर है। मौसम में यह बदलाव 18 फरवरी तक प्रभावी रहेगा। 17 और 18 फरवरी को जिले में कुछ जगह बारिश के साथ गरज चमक और ओलावृष्टि की संभावना है।
तेज आंधी ने रोकी रफ्तार
दोपहर 2 बजे के बाद से काले बादल छाए। थोड़ी ही देर में धूल भरी तेज आंधी ने शहर के बाहरी हिस्सों में ट्रैफिक रोक दिया। धूल से विजिबिलिटी कम हुई तो लोगों को कुछ देर तक सड़क किनारे रुकना पड़ा । कुछ जगहों पर होर्डिंग फटकर फ्लैक्स तारों पर गिरे तो कुछ मोहल्लों में घर, दुकानों में लगे टिन की शीट उखड़ गई।
बारिश का अनुमान 2-30 गिर सकता है तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को जिले में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। दिन के तापमान पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा लेकिन न्यूनतम तापमान 2 से 3 कम हो सकता है । न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक हो सकता है। अभी रातें सर्द बनी रहेंगी लेकिन दिन में गर्मी रहेगी।
रात 9 बजे तक सुधारते रहे बिजली सप्लाई
बिजली कंपनी के ईई एसके साहू ने बताया कि शहर में आंधी के कारण 100 से ज्यादा डीओ गिरने की शिकायत आई। गल्र्स डिग्री कॉलेज फीडर में फाल्ट आया। तीन जगहों पर होर्डिंग का फ्लैक्स फटकर तारों से लिपट गया और पेड़ की डाल टूट कर गिरी । इससे सप्लाई बाधित हुई। इसके साथ ही कबीर चौक और छातामुड़ा में 11 केवी लाइन में तार टूट गए। इससे शहर के बड़े हिस्से में बिजली सप्लाई ठप होने से लोग परेशान हुए। शाम 4 से रात 9 बजे तक विद्युत विभाग की टीम लाइन में फाल्ट सुधारती रही।
साभार: दैनिक भास्कर

