शादी से पहले पीड़िता ने जानकारी दी तो दूल्हे ने महिला को घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की
जशपुर. जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के विवाहिता महिला के अपहरण के मामले में पुलिस ने महिला को बरामद करते हुए आरोपी दंपती को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के गिरफ्तारी के बाद पीड़ित महिला ने आरोपियों के संबंध में कई खुलासे किए हैं। पीड़िता के अनुसार आरोपी उसकी दूसरी शादी कराने के फिराक में थे। पीड़िता ने बताया कि आरोपी अखिलेश यादव की पत्नी ने उसे अपने साथ अस्पताल चलने की बात कही साथ ही कहा कि उसे वापस घर भी छोड़ देंगे। मना करने के बावजूद भी आरोपी दंपती पीड़िता को अपने साथ ले गए और जंगल में अन्य साथियों के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया। पीड़िता जंगल में एक साथ छह सात लोगों को देखकर डर गई। उसने वाट्सअप के जरिए इसकी जानकारी अपनी एक सहेली और पड़ोसी को दी। अपहरण करने वाले आरोपी महिला को लेकर मप्र पहुंचे, जहां उसकी शादी किसी व्यक्ति से करवाया जाना था। पीड़िता ने बताया कि उसने अपने शादीशुदा होने की जानकारी उस व्यक्ति को दी, जिससे उसकी शादी होने वाली थी।
शादी के नाम पर ठगी करने की रची गई थी साजिश
पीड़िता ने बताया कि आरोपी राजकुमारी ने उसे डरा-धमकाकर शादी करने के लिए कहा। आरोपी राजकुमारी ने दहेज का सामान लेकर भागने की साजिश रची थी। पीड़िता ने बताया कि राजकुमारी ने उससे कहा था कि चुपचाप शादी कर और उसके कुछ दिन बाद शादी में मिले हुए गहने और सारा सामान लेकर वहां से भाग जाना, जिसे हम दोनों इतने आधा-आधा बांट लेंगे, लेकिन पीड़िता ने इन सब की जानकारी जिससे शादी होनी थी, उस व्यक्ति को दे दी थी। इसके बाद ही उसने उससे शादी करने से इंकार करते हुए उसे वापस भेज दिया था। इस संबंध में जांच अधिकारी ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद तत्काल रुप से मामले में छानबीन शुरू की गई थी। जैसे ही महिला का लोकेशन ट्रेस किया गया वैसे ही एसपी के निर्देशन में थाने की टीम वहां पहुंची और छानबीन कर महिला सहित आरोपी दंपती को हिरासत में ले लिया गया था।
साभार: दैनिक भास्कर


