कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिये करें एहतियाती प्रबंध-मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन
स्क्रीनिंग, कांटेक्ट टे्रसिंग के साथ वैक्सीनेशन पर विशेष जोर देने के निर्देश
रायगढ़, 26 फरवरी2021/ मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना संक्रमण के रोकथाम व जैविक खाद को बढ़ावा देने के संबंध में कलेक्टर्स तथा अन्य जिला अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिसको ध्यान में रखते हुये हमें एहतियात बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी जिलों में बाहर से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग तथा कांटेक्ट ट्रेसिंग के लिये पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिये। रेलवे स्टेशन व बस स्टैण्ड में स्क्रीनिंग सेंटर बनाने के साथ सड़क व हवाई मार्ग से जिले में आने वाले लोगों की पूरी जानकारी रखने के लिये कहा। जिलों में कोरोना के टेस्टिंग बढ़ाने तथा वैक्सीनेशन कार्य को भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कांटेक्ट टे्रसिंग पर विशेष जोर देते हुये कहा कि अभी प्रदेश में कोरोना के मामले कम है लेकिन इसमें बढ़ोत्तरी न हो इसके लिये सही तरीके से कांटेक्ट टे्रसिंग किया जाना आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी गाईड लाईन्स एवं निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिये निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि कोविड से बचाव हेतु मास्क पहनना अनिवार्य है, अत: सार्वजनिक स्थानों पर लोगों द्वारा मास्क पहना जा रहा है कि नहीं इसकी जांच करें तथा उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्यवाही नियमित रूप से की जाये।
गोधन न्याय योजना की समीक्षा के दौरान जिले में वर्मी कम्पोस्ट के निर्माण व बिक्री की जानकारी ली। उन्होंने जिलेवार विक्रय के लिये तैयार की गई कार्ययोजना के संबंध में चर्चा की। मुख्य सचिव ने कहा कि शासकीय विभागों के साथ किसानों के बीच भी जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा दिया जाये। इसमें कृषि विज्ञान केन्द्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कृषि विज्ञान केन्द्रों में जैविक खाद तथा रसायनिक खाद से उत्पादन का तुलनात्मक प्रदर्शन किसानों के लिये करने तथा उन्हें जैविक खाद की उपयोग की वैज्ञानिक पद्धति व उन्हें इसकी खुबियों से अवगत कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है, इससे जहां रोजगार के मौके बढ़ रहे हैं वहीं खेती में मिट्टी व फसल गुणवत्ता में भी वृद्धि हो रही है। अत: सभी जिलों में वर्मी कम्पोस्ट के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जाये। कृषि के साथ वन एवं उद्यानिकी विभाग भी हितग्राहियों को वर्मी कम्पोस्ट के उपयोग के लिये प्रोत्साहित करें।
बैठक में एसीएस श्री सुब्रत साहू, एसीएस स्वास्थ्य श्रीमती रेणू पिल्ले, कृषि उत्पादन आयुक्त एवं सचिव श्रीमती एम.गीता, एमडी मार्कफेड श्री अंकित आनंद, संचालक स्वास्थ्य सेवायें श्री नीरज बंसोड़ सहित व अन्य अधिकारियों सहित जिले से कलेक्टर श्री भीम सिंह, एडीएम श्री राजेन्द्र कटारा, सीईओ जिला पंचायत सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, डीएफओ रायगढ़ श्री प्रणय मिश्रा, डीएफओ धरमजयगढ़ श्री मणिवासगन एस व अन्य विभागीय अधिकारी शामिल हुये।
रायगढ़ जिला सभी पैरामीटर्स में कर रहा है बढिय़ा कार्य
कोविड की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने कोविड वैक्सीनेशन, डेथ ऑडिट व संसाधनों की व्यवस्था सहित अन्य मामलों में बेहतर कार्य के लिये कलेक्टर श्री भीम सिंह की सराहना की।

