रायगढ़, 16 जून2021/ विकासखंड धरमजयगढ़ का दुर्गापुर ऐसा गांव बन गया जहां 18 वर्ष से अधिक उम्र के लक्ष्य के विरुद्ध सभी लोगों का टीकाकरण हो चुका है। विकासखंड धरमजयगढ़ के मुख्यालय से 4 किलोमीटर की दूरी पर बसा गांव टीकाकरण को लेकर बहुत ही गंभीर रहा है। गांव के सरपंच, सचिव, आंगनबाड़ी स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिन सभी ने खूब मेहनत की एवं गांव में घर-घर जाकर लोगों को टीकाकरण के संबंध में जागरूक किया, जिसका परिणाम यह देखने को मिला कि विकासखंड में पहला गांव दुर्गापुर सामने आया जिसमें 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों का लक्ष्य के विरुद्ध टीकाकरण करा लिया है।
कलेक्टर श्री भीम सिंह के मार्गदर्शन में विकासखंड के अनुविभागीय अधिकारी ने बैठक का आयोजन कर सभी वार्ड पार्षद, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को संबोधित करते हुए कहा था कि सभी लोगों का टीकाकरण अनिवार्य रूप से कराना है इसके लिए लोगों के घर-घर जाकर उन्हें टीकाकरण के होने वाले लाभों के बारे में बताने के लिए कहा इसके लिए एक स्पेशल रणनीति भी तैयार की गई जिसके अंतर्गत प्रत्येक गांव को टीकाकरण में 100 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की जा सके। जिसके तहत पहले चरण में 15 गांव का चिन्हांकन कर इन गांव को फोकस किया गया जहां पर अधिक लोग रुचि ले रहे हैं, इसी का परिणाम है 18 वर्ष से अधिक उम्र के 880 लोगों का टीकाकरण किया जा सका है। ग्राम दुर्गापुर अन्य विभिन्न ग्रामों के लिए भी प्रेरणा के रूप में उभर कर सामने आया है इनके द्वारा वैक्सीनेशन के लिए बनाई गई रणनीति काफी कारगर साबित हुई है गांव में सरपंच के द्वारा वैक्सीनेशन के पूर्व सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सचिव एवं अन्य लोगों का बैठक आयोजित कर सभी पंचों को भी वार्ड के हिसाब से वैक्सीनेशन कराने के लिए जवाबदारी सौंपी गई थी, जिस पर सभी लोगों के टीमवर्क का परिणाम यह निकल कर आया है विकासखंड के अन्य गांवों को भी इनसे सीख ले कर अपने सभी नागरिकों को टीकाकरण कराए जाने की आवश्यकता है जिससे कि जल्द से जल्द अपने विकासखंड को कोरोना से मुक्त किया जा सके।

