स्व. रोशनलाल की जयंती पर लगेगी फोटो प्रदर्शनी मारवाड़ी पंचायती धर्मशाला में 20 को रक्तदान के साथ ही होगा आयोजन रायगढ़। पूर्व विधायक स्व. रोशनलाल अग्रवाल की जयंती पर 20 जून को मारवाड़ी पंचायती धर्मशाला में विशाल रक्तदान शिविर लगाया जा रहा है। इस अवसर पर केके फिल्म्स व रायगढ़ दृष्टि द्वारा फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें स्व. रोशनलाल के जीवन के छुए-अनुछुए पहलुओं की एक झलक देखने को मिलेगी।
केके फिल्म्स व रायगढ़ दृष्टि के डायरेक्टर कमल शर्मा ने बताया कि पूर्व विधायक स्व. रोशनलाल अग्रवाल के निधन के बाद पहली बार उनकी जयंती को यादगार ढंग से मनाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत उनके पुत्र गौतम अग्रवाल ने विशाल रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह शिविर जनकर्म व रायगढ़ रक्तवीर परिवार की ओर से लगाया जाएगा। मारवाड़ी पंचायती धर्मशाला में लगने वाले इस शिविर को लेकर युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। इस मौके को यादगार बनाने रक्तदान शिविर के साथ फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, इस प्रदर्शनी में स्व रोशनलाल अग्रवाल के जीवन के विविध पहलुओं को फोटो के माध्यम से दिखाया जाएगा। इसमें उनके विधायक कार्यकाल के दौरान शहर सहित जिले के विकास के लिए किए गए कार्यों को रखा जाएगा। राजनैतिक, सामाजिक व सांस्कृतिक क्षेत्र में स्व. रोशनलाल के योगदान को भी फोटो के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में उनके पूरे जीवन की एक झलक देखने को मिलेगी। इसकी तैयारियां की जा रही हैं। श्री शर्मा ने शहरवासियों को शिविर स्थल पहुंचकर रक्तदान में भागीदारी निभाने व प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की है।