जशपुरनगर 20 जुलाई 2021/ राज्य कृषि प्रबंधन एवं विस्तार प्रशिक्षण संस्थान, समेती के संचालक श्री गणेश कुमार निर्माम के द्वारा 18 जुलाई 2021 को केन्द्र प्रवर्तित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना अंतर्गत वर्ष 2021-22 खरीफ मौसम में जशपुर जिला में श्री विधि मेडागास्कर पद्धति से आयोजित फसल प्रदर्शन का भ्रमण किया गया। इस दौरान जशपुर के उप संचालक कृषि, श्री एम. आर भगत एवं श्री डी. एन. पन्ना, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कार्यालयीन तथा मनोरा विकासखण्ड के श्री अजय शर्मा एवं श्री एस. एस. केरकेट्टा, ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी भी उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान जिले के विकासखण्ड मनोरा के ग्राम भीमशिला के कृषक श्री बिहारू पिता श्री सोमरा को जिक राईस 1.50 हेक्टेयर में रोपाई के दौरान कतार में रोपा लगाने एवं बीडर चलाने हेतु सलाह दिया गया। इसके पश्चात ग्राम कण्डोरा के भ्रमण कर कृषक श्री दिनेश, श्री किशोर के द्वारा क्रमशः दो-दो एकड़ रकबा में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजनांतर्गत कृषि विभाग के द्वारा प्रदाय जिक धान को श्री विधि-मेडागास्कर पद्धति से लगाये गए खेत का अवलोकन किया गया तथा इस दौरान उपस्थित कृषक श्री प्रभुप्रकाश एवं अन्य कृषकों को कतार में रोपा लगाकर वीडर चलाने के लिये सुझाव दिया गया। इस दौरान कृषक श्री प्रभु प्रकाश द्वारा बताया गया कि धान के खेती के नवीन श्री विधि-मेडगास्कर पद्धति से अधिकतम 50 क्विंटल तक उत्पादन लिये जा सकने की जानकारी दी गई।
ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी श्री एस. एस. केरकेट्टा को सौर सुजला योजना अंतर्गत सोलर पम्प एवं शाकम्भरी योजना अंतर्गत विद्युत, डीजल पंप के 5-5 प्रकरण तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने कृषकों द्वारा श्री विधि से रोपित धान फसल का प्रशंसा व्यक्त करते हुए अन्य कृषकों को भी इस विधि से खेती करने हेतु प्रोत्साहित किया।


