जशपुरनगर 21 जुलाई 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने बालाछापर गोठान का निरीक्षण करके लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की महिलाओं से ड्राईविंग प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए जशपुर जिले की कामकाजी महिलाएं गृहणी, काॅलेज के विद्यार्थी युवाओं को भी प्राथमिकता से ड्राईविंग का प्रशिक्षण देने के लिए कहा है। उन्होंने समूह की महिलाओं से अन्य गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी ली। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.एस.मण्डावी, समूह की महिलाएं और ड्राईविंग प्रशिक्षण लेने वाले प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे। कलेक्टर एवं सीईओ ने गोठान के वर्मी कम्पोस्ट खाद, स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए बनाए जा रहे शेड का भी अवलोकन किया और शेड के निर्माण कार्य को गंभीरता से लेते हुए समय पर पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए है।
लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि 26 लोगों ने प्रशिक्षण के लिए अब तक पंजीयन कराया है। ड्राईविंग प्रशिक्षण सुबह 10.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक दिया जाता है। कामकाजी महिलाओं एवं युवाओं को उनके समयानुसार प्रशिक्षण देने की सुविधा दी जा रही है। लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की महिलाओं को जिला प्रशासन ने 4 लाख 90 हजार रुपए की राशि से दो वाहन उपलब्ध कराया गया है। महिलाओं को लगभग अब तक 30 हजार रुपए का लाभ हो चुका है। और जशपुर जिले की महिलाएं गृहणी, युवा, उत्साह के साथ प्रशिक्षण के लिए अपना पंजीयन करा रहे है। ड्राईविंग प्रशिक्षण के लिए 3 हजार रुपए का शुल्क निर्धारित किया गया है। कलेक्टर की उपस्थिति में कविता भगत ने स्वयं ड्राईविंग करके कार चलाकर भी दिखया। प्रशिक्षण के लिए दो ड्राईवर की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है।


