कलेक्टर ने नव संकल्प संस्थान जशपुर के संचालन समिति की बैठक ली।
युवाओं को पीएससी, सहायक प्राध्यापक और एसएससी चयन परीक्षा तैयारी के लिए बेहतर कोंचिग देने के दिए निर्देश
जशपुरनगर 07 सितम्बर 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला प्रशासन द्वारा संचालित नव संकल्प संस्थान जशपुर के संचालन समिति की बैठक ली। और वर्ष 2021-21 हेतु प्रस्तावित बजट की स्वीकृति, वर्तमान में संचालित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, संस्थान में कार्यरत विषय शिक्षकों के कार्यो की समीक्षा, संस्थान में कार्यरत विषय शिक्षकों के मानदेय बढ़ोत्तरी पर चर्चा, संस्थान में आवश्यकता अनुसार संसाधन कुर्सी, एवं ग्रीन बोर्ड, सूचना बोर्ड संबंधी मांग एवं क्रय के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने जिले के युवाओं को कर्मचारी चयन आयोग पीएससी, सहायक प्राध्यापक चयन परीक्षा तैयारी के लिए बेहतर कोंचिग देने के निर्देश दिए हैं। शिक्षण संस्था में कार्यरत् शिक्षकों के मानदेय बढ़ाने के लिए समिति गठित करने के लिए कहा हैं ताकि चयन समिति के निर्णय अनुसार शिक्षको के मानदेय बढ़ाने की कार्यवाही की जा सके।
नव संकल्प शिक्षण संस्थान के प्राचार्य श्री विजय रक्षित ने बताया कि जिला प्रशासन के द्वारा खनिज न्यास निधि मद से संस्था वर्ष 2017-18 से संचालित की जा रही है। संस्था ने सफलतापूर्वक अपना 2 वर्ष पूर्ण कर लिया है। और तीसरे वर्ष में प्रवेश किया गया है। संस्था के प्रारंभ से ही जिले के 08 बच्चे वायु सेना भर्ती रैली में चयन हुए है। वर्तमान में नव संकल्प शिक्षण संस्थान में 04 शिक्षक कार्यरत हैं वर्तमान में संस्था में 03 विषयों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करायी जा रही है। इनमें कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी), पीएससी प्रारंभिक, पीएससी मेंस और साक्षात्कार के साथ सहायक प्राध्यापक के चयन परीक्षा की तैयारी करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021-22 से नेट और स्लेट परीक्षा के तैयारी करवाने के लिए विचार किया जा रहा है। इसके लिए बच्चों का चयन किया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.एस.मण्डावी एवं नव संकल्प शिक्षण संस्थान के सदस्यगण उपस्थित थे।
नव संकल्प शिक्षण संस्थान में एसएससी के लिए 126 युवाओं ने अपना पंजीयन कराया था। इनमें से 100 बच्चे कोचिंग का लाभ प्राप्त कर रहें हैं। पीएससी प्री में 80 बच्चे पंजीयन कराया था। पीएससी मेन्स 11 बच्चों में से 04 बच्चों का साक्षात्कार के लिए चयन किया गया है, और 13 युवाओं का सहायक प्राध्यापक के लिए चयन हो चुका है।
स.क्र./1775/नूतन फोटो क्रमांक- 01 से 02
समाचार
कलेक्टर ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को लाभान्वित करने के लिए सत्यापन एवं पंजीयन कार्य शीघ्र करने के दिए निर्देश
नल जल योजना के तहत् टेंडर की प्रक्रिया में प्रगति लाने के लिए कहा गया है
कुनकुरी, चराईड़ाड, तपकरा, सन्ना, बगीचा और कामारिमा के सड़क के गढ़ों को भरने के लिए कहा गया है
256 राशन दुकानों को राशन भण्डारण के लिए राशि जमा करने के निर्देश
कलेक्टर ने ली सप्ताहिक समय-सीमा की बैठक
जशपुरनगर 07 सितम्बर 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज मोबाईल एप्लीकेशन के माध्यम से सप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वर्चुअल के माध्यम से राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण, भूमिहीन, क़ृषक मजदूर न्याय योजना, गौठानों में वर्मी कम्पोस्ट खाद बनाने की प्रगति, सोसायटी से विक्रय किए गए खाद की मात्रा, उर्वक खाद की उपलब्धता, गिरदावरी के कार्य, टीएल के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की महत्वकांक्षी योजना के तहत् राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को लाभान्वित करने के लिए ब्लॉकवार किसानों की सूची सत्यापन हेतु उपलब्ध करा दी गई है। पटवारी और राजस्व अमला के माध्यम से सत्यापन एवं पंजीयन का कार्य अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए चिन्हांकित ग्राम पंचायतों में टेप नल के माध्यम से पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही टेंडर प्रक्रिया में प्रगति लाने के लिए कहा गया है। ताकि जल जीवन मिशन के कार्य को तेजी लाया जा सके। उन्होंने कहा कि गौठानों के माध्यम से खाद बनाने में तेजी लाए और सोसायटी के माध्यम से किसानों तक खाद पहुंचाए। वर्तमान में बरसात का मौसम है खेती-किसानी का समय चल रहा है ऐसे में किसानों को खाद की विशेष आवश्यकता होगी। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.एस.मण्डावी, समस्त एसडीएम, जनपद सीईओ, नगरीय निकाय के सीएमओ, गौठानों के नोडल अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण वर्चुअली बैठक से जुड़े थे।
लोक निर्माण विभाग और एनएच के अधिकारियों को सड़कों के गढ़ो को भरने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कुनकुरी, तपकरा से चराईड़ाड और बगीचा विकास खण्ड के कामारिमा, सन्ना रोड़ को भी सुधारने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सभी जनपद सीईओ को निर्देश देते हुए कहा कि अपने क्षेत्र के ऐसे किसान जो अपने खेती में सौर सुजला योजना का लाभ लेना चाहते हैं आवेदन कृषि विभाग के माध्यम से जमा करावें ताकि अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ दिया जा सके।
गिरदावरी कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों, आरआई, पटवारियों को अपने-अपने क्षेत्र में किसानों की उपस्थिति में ही गिरदावरी करने के निर्देश दिए हैं। उचित मूल्य दुकानों में राशन भण्डारण करने के लिए 256 राशन दुकानों को राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 224 दुकानों को घोषणा-पत्र भरने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बारदाना उठाव की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को अपने-अपने ब्लॉक में बारदाना जमा करवाने के निर्देश दिए हैं।
स.क्र./1776/नूतन फोटो क्रमांक- 03 से 04
समाचार
कलेक्टर ने नगरीय निकाय के कम्पोस्ट सेंटर का किया आकस्मिक निरीक्षण
वर्मी कम्पोस्ट खाद की ऑनलाइन एंट्री करने के दिए निर्देश
खाद की छनाई करने के लिए महिलाओं की संख्या बढ़ाने के लिए कहा गया है
जशपुरनगर 07 सितम्बर 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज जशपुर विकास खण्ड के नगरीय निकाय के कम्पोस्ट सेंटर का निरीक्षण करके गोबर खरीदी, खाद की छनाई, खाद की उपलब्धता और सोसायटी के माध्यम से खाद बिक्रय की जानकारी ली। उन्होंने कृषि अधिकारी को खाद की प्राथमिकता से छनाई करके सोसायटी के माध्यम से बिक्रय कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि खाद छनाई के लिए महिलाओं की संख्या बढ़ाकर खाद बनाने में तेजी लाए और कम्पोस्ट सेंटर से जितनी मात्रा में खाद तैयार की जा रही है उसकी प्रतिदिन ऑनलाईन एंट्री करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाईन एंट्री में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी। इसका विशेष ध्यान रखें।
स.क्र./1777/नूतन फोटो क्रमांक- 05 से 06
समाचार
कलेक्टर ने रूर्बन मिशन अंतर्गत स्ट्रेचर प्लान निर्माण के लिए लिया बैठक
राजस्व निरीक्षक एवं नगर निवेश अधिकारी को गंभीरता नक्शा मिलान करने के दिए निर्देश
जशपुरनगर 07 सितम्बर 2021/ कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज कलेक्ट्रोरेट सभाकक्ष में रूर्बन मिशन के तहत् पत्थलगांव विकासखण्ड के क्लस्टर पालीडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत इंजको, पालीडीह, पतरापाली, तिलडेगा, गोढ़ीकला, कुमेंकेला के स्ट्रेचर प्लान निर्माण हेतु बैठक लिया।
कलेक्टर ने राजस्व निरीक्षक एवं नगर निवेश अधिकारी को गंभीरता नक्शा मिलान करने के निर्देश दिए हैं। ताकि दावा आपत्ति की सूचना देकर प्राप्त आवेदनों को निराकरण किया जा सके। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.एस.मण्डावी, सहायक संचालक नगर निवेश भवानी शंकर, तहसीलदार, रूर्बन मिशन प्रभारी अधिकारी राजेश जैन, राजस्व निरीक्षक एवं क्लस्टर से संबंधित पटवारी उपस्थित रहें।
स.क्र./1778/नूतन फोटो क्रमांक- 07 से 08
समाचार
कलेक्टर ने जिले में गणेश उत्सव के संबंध में जारी किया दिशा-निर्देश
जशपुरनगर 07 सितम्बर 2021/ नोवल कोरोना वायरस के संक्रमण के नियंत्रण एवं रोकथाम को दृष्टिगत रखते हुए तथा वर्तमान में जिले में कोरोना पॉजिटिव प्रकरणों की संख्या को देखते हुए इसे रोकने एवं नियंत्रण में रखने हेतु सभी संबंधित उपाय अमल में लाया जाना उचित एवं आवश्यक हो गया है।
कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने इसेे दृष्टिगत रखते हुए गणेश उत्सव के संबंध में दिशा निर्देश जारी किया है। आदेश में उन्होंने कहा है कि मूर्ति की अधिकतम ऊंचाई 08 फिट होगी परन्तु पी.ओ.पी. प्लास्टर ऑफ पेरिस से निर्मित मूर्ति बिक्री एवं स्थापित किया जाना प्रतिबंधित रहेगा। मूर्ति स्थापना वाले पंडाल का आकार 15 X 15 फीट से अधिक न हो। पंडाल के सामने कम से कम 500 वर्ग फिट की खुली जगह हो। पंडाल एवं सामने 500 वर्गफिट की खुली जगह में कोई भी सड़क अथवा गली का हिस्सा प्रभावित न हो। मंडप-पंडाल के सामने दर्शकों के बैठने हेतु पृथक से पंडाल न हो, दर्शकों एवं आयोजको के बैठने हेतु कुर्सी नहीं लगाये जायेंगे। किसी भी एक समय में मंडप एवं सामने मिलाकर 50 व्यक्ति से अधिक न हो। मूर्ति दर्शन अथवा पूजा में शामिल होने वाला कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के नहीं जाएगा ऐसा पाये जाने पर संबंधित एवं समिति के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही किया जायेगा। मूर्ति स्थापित करने वाले व्यक्ति अथवा समिति एक रजिस्टर संधारित करेगी।
जिसमें दर्शन हेतु आने वाले सभी व्यक्तियों का नाम, पता, मोबाईल नंबर दर्ज किया जाएगा ताकि उनमें से कोई भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित होने पर कांटेक्ट ट्रेसिंग किया जा सके। मूर्ति स्थापित करने वाले व्यक्ति अथवा समिति द्वारा सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग, आक्सीमीटर, हैंड वॉश एवं क्यू मैनेजमेंट सिस्टम की व्यवस्था की जायेगी। थर्मल स्क्रीनिंग में बुखार पाये जाने अथवा कोरोना से संबंधित कोई भी सामान्य या विशेष लक्षण पाये जाने पर पंडाल में प्रवेश नहीं देने की जिम्मेदारी समिति की होगी। व्यक्ति अथवा समिति द्वारा फिजिकल डिस्टेंसिंग आगमन एवं प्रस्थान की पृथक से व्यवस्था बांस बल्ली से बेरिकेटिंग कराकर कराया जायेगा। कंटेनमेंट जोन में मूर्ति स्थापना की अनुमति नहीं होगी। यदि पूजा की अवधि के दौरान भी उपरोक्त क्षेत्र कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित हो जाता है तो तत्काल पूजा समाप्त करनी होगी।मूर्ति स्थापना के दौरान, विसर्जन के समय अथवा विसर्जन के पश्चात् किसी भी प्रकार के भोज, भंडारा, जगराता अथवा सांस्कृतिक कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं होगी। ध्वनि विस्तारक यंत्र, धुमाल तथा डीजे बजाने की अनुमति नियत स्थल पर होगी।
मूर्ति आगमन एवं विसर्जन के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र, धुमाल तथा डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। मूर्ति स्थापना एवं विसर्जन के दौरान प्रसाद, चरणामृत या कोई भी खाद्य एवं पेय पदार्थ वितरण की अनुमति नहीं होगी। मूर्ति विसर्जन के लिए एक से अधिक वाहन की अनुमति नहीं होगी एवं मूर्ति विसर्जन के लिए पिकअप टाटाएस, छोटा हाथी से बड़े वाहन का उपयोग प्रतिबंधित होगा। मूर्ति विसर्जन के वाहन में किसी भी प्रकार के अतिरिक्त साज-सज्जा झांकी की अनुमति नहीं होगी। मूर्ति विसर्जन के लिए 04 से अधिक व्यक्ति नहीं जा सकेंगे एवं वे मूर्ति के वाहन में ही बैठेंगे। पृथक से वाहन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मूर्ति विसर्जन के लिए प्रयुक्त वाहन पंडाल से लेकर विसर्जन स्थल तक रास्ते में कहीं रोकने की अनुमति नहीं होगी।
छोटी मूर्तियों का विसर्जन यथासंभव घरों पर ही किया जाये एवं बड़ी मूर्तियों एवं पूजन सामग्रीयों का विसर्जन नगर पालिका परिषद जशपुर द्वारा निर्धारित कुंड में ही किया जायें। विसर्जन के लिए नगर पालिका द्वारा निर्धारित रूट मार्ग एवं तिथि एवं समय का पालन करना होगा। शहर के व्यस्त मार्गों से मूर्ति विसर्जन वाहन को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। विसर्जन के मार्ग में कही भी स्वागत, भंडारा, प्रसाद वितरण पंडाल लगाने की अनुमति नहीं होगी। सूर्यास्त के पश्चात् एवं सूर्योदय के पहले मूर्ति विसर्जन के किसी भी प्रक्रिया की अनुमति नहीं होगी।
उपरोक्त शर्तों के साथ घरों में मूर्ति स्थापित करने की अनुमति होगी। घर से बाहर परिसर के अन्दर या सार्वजनिक स्थान पर मूर्ति स् इन सभी शर्तों के अतिरिक्त भारत सरकार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, छत्तीसगढ़ शासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग तथा जिला प्रशासन, जशपुर द्वारा समय-समय पर जारी निर्देश-आदेश का पालन अनिवार्य रूप से किया जाना होगा। यह निर्देश तत्काल प्रभावशील होगा तथा निर्देश के उल्लंघन करने पर एपीडेमिक डिसीज एक्ट एवं विधि अनुकुल नियमानुसार अन्य धाराओं के तहत् कठोर कार्यवाही की जावेगी।
स.क्र./1779/नूतन
समाचार
बीएससी एचएचए, डिप्लोमा इन फूड प्रोडक्शन, डिप्लोमा इन फूड एंड बेवरेज, सर्विस, डिप्लोमा इन हाउसकीपिंग ऑपरेशन कोर्स हेतु आवेदन आमंत्रित
इच्छुक उम्मीदवार 13 सितंबर तक 2021 तक कर सकते हैं आवेदन
जशपुरनगर 07 सितम्बर 2021/आईएसएम स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, कैटरिंग टेक्नोलॉजी एंड एप्लाईड न्यूट्रीशन उपरवारा, नवा रायपुर में नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी NCHMCT नोएडा से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ शासन, पर्यटन विभाग के अधीन बीएससी एचएचए, डिप्लोमा इन फूड प्रोडक्टसन, डिप्लोमा इन फूड एण्ड बेवरेज, सर्विस, डिप्लोमा इन हाउस किपिंग ऑपरेशन कोर्स संचालित है। जिसमें बीएससी हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन के 60 सीट अवधि 3 वर्ष के लिए वार्षिक शुल्क 1.10 लाख, हॉस्टल व मेस के लिए अतिरिक्त शुल्क 65 हजार प्रतिवर्ष, डिप्लोमा इन फ़ूड प्रोडक्शन के 60 सीट अवधि 18 माह के लिए कोर्स शुल्क 53 हजार, हॉस्टल व मेस के लिए अतिरिक्त शुल्क 65 हजार प्रतिवर्ष, डिप्लोमा इन फ़ूड एंड बेवरेज सर्विस के 40 सीट अवधि 18 माह के लिए कोर्स शुल्क 40 हजार हॉस्टल व मेस के लिए अतिरिक्त शुल्क 65 हजार प्रतिवर्ष एवं डिप्लोमा इन हाउस कीपिंग ऑपरेशन के 40 सीट अवधि 18 माह के लिए कोर्स शुल्क 40 हजार हॉस्टल व मेस के लिए अतिरिक्त शुल्क 65 हजार प्रतिवर्ष निर्धारित किया गया है।
कोर्स के लिए मान्यता प्राप्त शिक्षा मंडल से आवेदक का 12 वी कक्षा में विज्ञान, कला, वाणिज्य, अन्य विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंको के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। कक्षा 12 वी में एक विषय अंग्रेजी के साथ उक्त विषय अंग्रेजी में उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। 01 जुलाई 2021 को सामान्य एवम् अन्य पिछड़ा वर्ग हेतु अधिकतम आयु 25 वर्ष एवम् अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति हेतु अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित है। उम्मीदवार का चयन मेरिट के आधार पर किया जावेगा, इक्षुक उम्मीदवार दिनांक 13 सितम्बर तक 2021 तक इंस्टीट्यूट के सिटी कार्यालय, होटल जोहार छत्तीसगढ़, तेलीबांधा, रायपुर में आवेदन पत्र सीधे या पंजीकृत डाक या ऑनलाइन जमा कर सकते है अधिक जानकारी इंस्टीट्यूट की वेबसाइट www.ihmraipur.com एवम् छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट www.chhattisgarhtourism.in से तथा फोन नंबर 0771-4014166, 9893211465, 9977042905, 88717-92093 से संपर्क कर सकते हैं।
स.क्र./1780/ नूतन
समाचार
प्री.इंजीनियरिंग एवं प्री.मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी हेतु 15 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित
जशपुरनगर 07 सितम्बर 2021/ प्री.इंजीनियरिंग एवं प्री मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी हेतु अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के अभ्यर्थियों से 15 सितम्बर 2021 तक आवेदन आमंत्रित किया गया है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि ऐसे विद्यार्थी जिनका कक्षा 12 वीं में कम से कम 70 प्रतिशत अंक या समतुल्य ग्रेड गणित एवं जीव विज्ञान विषय में प्राप्त किया हो तथा जिनके अभिभावक, पालक की वार्षिक आय 2 लाख 50 हजार तक हो वे पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकते है। राज्य में अनुसूचित जनजाति वर्ग के 64 तथा अनुसूचित जाति के 36 अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को कोचिंग, आवास, भोजन, चिकित्सा, पुस्तक, प्रवेश शुल्क प्रदान किया जाएगा कोचिंग की अवधि 01 वर्ष की होगी। आवेदन का प्रारूप विभाग की वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in से प्राप्त किया जा सकता है तथा निर्धारित प्रारूप के साथ आवेदन सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय जशपुर में जमा व उक्त संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
स.क्र./1781/ सुरजीत सिंह
समाचार
स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, कैटरिंग टेक्नोलॉजी एंड अप्लाइड न्यूट्रीशन में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित
जिले के इच्छुक आवेदक 10 सितंबर कर सकेंगे आवेदन
जशपुरनगर 07 सितम्बर 2021/छत्तीसगढ़ शासन, पर्यटन विभाग द्वारा संचालित स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, केटरिंग टेक्नोलॉजी एण्ड अप्लाइ्रड न्यूट्रीशन रायपुर में होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा कोर्स, डिप्लोमा इन फूड प्रोडक्शन, डिप्लोमा इन फूड एंड बेवरेज और सर्विस, डिप्लोमा इन हाउसकीपिंग ऑपरेशन हेतु जशपुर जिले के छात्रों का चयन किया जाना है। डिग्री व डिप्लोमा कोर्स की पूर्ण अवधि हेतु छात्रों के शिक्षण शुल्क एवं हॉस्टल तथा मेस शुल्क जिला प्रशासन द्वारा वहन किया जावेगा।
जिला कौशल विकास प्राधिकरण के सहायक संचालक श्री प्रकाश यादव ने बताया कि इस हेतु इच्छुक आवेदकों से 10 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित किया गया है। आवेदक जिला कौशल विकास प्राधिकरण जशपुर में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। उन्होंने बताया कि सीटों की संख्या सीमित होने के कारण अधिक छात्र के आवेदन पाए जाने पर छात्रों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला कौशल विकास प्राधिकरण के सहायक संचालक जशपुर मोबाईल नंबर 7697584747 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि बीएससी होसपिटैलिटी एण्ड हॉटल एडमिनीस्ट्रेशन कोर्स की अवधि 3 वर्ष होगी। डिप्लोमा इन फूड प्रोडक्शन, डिप्लोमा इन फूड एंड बेवरेज का और सर्विस, डिप्लोमा इन हाउसकीपिंग ऑपरेशन की अवधि 18-18 महीने की होगी। उक्त सभी कोर्स के लिए 12 वीं में न्यूनतम 50 प्रतिशत् के साथ ही उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
स.क्र./1782/ सुरजीत सिंह
समाचार
जिले में अब तक 875.5 मिमी वर्षा
जशपुरनगर 07 सितम्बर 2021/ जशपुर जिले में अब तक 875.5 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। जिले में बीते 10 वर्षों की तुलना में 07 सितम्बर तक औसत वर्षा 886.3 मिमी हुई है। बीते 24 घंटे में जिले में 0.5 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई है।
भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 जून से अब तक जशपुर तहसील में 887.2 मिमी, मनोरा में 913.7 मिमी, कुनकुरी में 1122 मिमी, दुलदुला में 935.7 मिमी, फरसाबहार में 575.3 मिमी, बगीचा में 882.9 मिमी, कांसाबेल में 833.5 मिमी, पत्थलगांव में 695.1 एवं सन्ना में 1033.8 मिमी वर्षा हो चुकी है। जिले में अब तक सर्वाधिक वर्षा कुनकुरी तहसील में हुआ है।


