कलेक्टर ने पंडुल एवं तुर्रीलोदाम में सौर सुजला योजना एवं जल जीवन मिशन योजना के कार्यो का किया निरीक्षण
ग्रामीणों से टंकी निर्माण से होने वाले फायदे एवं पेयजल की उपलब्धता के संबंध में ली जानकारी
जशपुरनगर 09 सितम्बर 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज जशपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पंडुल एवं तुर्रीलोदाम में क्रेडा विभाग द्वारा सौर सुजला योजना एवं जल जीवन मिशन योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सहायक अभियंता क्रेडा श्री संदीप बंजारे सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत पंडुल एवं तुर्रीलोदाम में जल जीवन मिशन योजना के तहत क्रेडा विभाग द्वारा स्थापित पानी टंकी का अवलोकन करते हुए टंकी की क्षमता, लागत राशि, घरो में पेयजल की पहुंच के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने पंडुल के ग्रामीणों से टंकी निर्माण से होने वाले फायदे एवं पेयजल की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि टंकी की स्थापना हो जाने से अब उन्हें पेयजल की समस्या नहीं होती। कलेक्टर ने पीएचई विभाग द्वारा पाईपलाईन बिछाने के कार्य को जल्द से जल्द प्रारंभ कराने की बात कही जिससे ग्रामीणों के घरों तक टंकी से पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। इसी प्रकार उन्होंने तुर्रीलोदाम में स्थापित टंकी से टेपनल के माध्यम से निकट के आंगनबाड़ी एवं स्कूल भवन में पेयजल की सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए। सहायक अभियंता श्री बंजारे ने बताया कि पंडुल एवं तुर्रीलोदाम में प्रत्येक स्थान पर 14.80 लाख की लागत से 10 हजार लीटर क्षमता वाली पानी टंकी का स्थापना किया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा जिले में कुल 402 पानी टंकी स्थापित किया जाना है। वर्तमान में 34 टंकियों का स्थापना पूर्ण किया जा चुका है एवं 40 टंकियों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इस दौरान कलेक्टर श्री कावरे ने तुरीलोदाम में क्रेडा विभाग द्वारा सौर सुजला योजना के अंतर्गत हितग्राही श्री मालिक राम के खेत में स्थापित किए गए सोलर पंप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राही से सोलर पंप से जल की उपलब्धता एवं उनके द्वारा की जाने वाली खेती के संबंध में जानकारी ली। हितग्राही ने बताया कि विभाग द्वारा उनके खेत में 5 एचपी की क्षमता का सोलर पंप लगाया गया है जिससे उन्हें खेती के लिए आवश्यक पानी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो जाती है।
स.क्र./1783/सुरजीत फोटो नंबर-01 से 03
समाचार
कलेक्टर ने टेकुल एवं पुत्रीचौरा गौठान का किया निरीक्षण
गौठान में जैविक खाद निर्माण की जानकारी लेते हुए खाद निर्माण मेें तेजी लाने के दिए निर्देश
चारागाह में नेपियर, मक्का, बाजारा सहित अन्य फसल लगाकर चारागाह का समुचित विकास करें- कलेक्टर
जशपुरनगर 09 सितम्बर 2021/ कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज जशपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत टेकुल एवं पुत्रीचौरा गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने गौठानों में खाद निर्माण सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। इस अवसर पर जनपद सीईओ जशपुर श्री प्रेम सिंह मरकाम, सहायक अभियंता क्रेडा श्री संदीप बंजारे सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने 3.5 एकड़ में फैले टेकुल गौठान में गोबर खरीदी, खाद निर्माण की जानकारी लेते हुए वहां अधिक मात्रा में गोबर खरीदी करने के लिए महिलाओं को समझाईश दी। उन्होंने समूह की महिलाओं योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठान से लगे डबरी में समूह द्वारा मछली पालन का कार्य प्रारंभ कराने की बात कही। साथ ही चारागाह में नेपियर, मक्का, बाजारा सहित अन्य फसल लगाकर चारागाह का समुचित विकास करने के लिए कहा। उन्होंने गौठान के चारों ओर सेंधवार लगाने एवं मवेशियों को प्रतिदिन चराई के लिए गौठान में लाने की बात कही।
इसी प्रकार पुत्रीचौरा गौठान का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने गौठान में जैविक खाद निर्माण की जानकारी लेते हुए खाद निर्माण मेें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठान मे मशरूम उत्पादन , बकरी-सुअर पालन कर रहे समूह की महिलाओं से गतिविधियों की जानकारी ली एवं उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कराने के लिए कहा। उन्होंने गौठान में मशरूम उत्पादन के लिए बनाए जा रहे शेड के निर्माण कोे भी जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
स.क्र./1784/सुरजीत फोटो नंबर-04 से 08
समाचार
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के विभिन्न पदों पर भर्ती के संबंध बैठक आयोजित
समिति के सदस्य अंतिम चयन सूची जारी करने के साथ ही भर्ती प्रक्रिया जल्द से जल्द पूर्ण करें- कलेक्टर
सभी एसडीएम एवं जनपद सीईओ को सभी विकासखंडो में पुनः ग्रामीण सचिवालय का संचालन करने के निर्देश
जशपुरनगर 09 सितम्बर 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने विगत दिवस जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाईट में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के विभिन्न पदों की भर्ती हेतु निर्मित चयन समिति का बैठक लेकर शीघ्रता से प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द साक्षात्कार पूर्ण कर लिया जाए साथ ही विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.एस. मण्डावी, संयुक्त कलेक्टर, एसडीएम, जनपद सीईओ, बीईओ उपस्थित थे।
कलेक्टर ने समिति के सदस्यों को अंतिम चयन सूची जारी करने के साथ ही भर्ती प्रक्रिया की आगे की कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया जिससे सभी पदों पर जल्द से जल्द भर्ती पूर्ण हो सके।
इस दौरान कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं जनपद सीईओ को सभी विकासखंडो में पुनः ग्रामीण सचिवालय का संचालन करने के निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सचिवालय में पटवारी सचिव सरपंच सहित ग्रामीण स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में प्राप्त हो रहे राजीव गांधी भूमिहीन मजदूर न्याय योजना के आवेदनों का सत्यापन कार्य पूर्ण कर लिया जाए जिससे पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान किया जा सके। साथ ही ग्रामीण स्तर के अन्य समस्याओं का भी समय पर निराकरण हो सके। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को मनरेगा में मजदूरों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा। कलेक्टर ने सभी बीईओ से अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के निर्माण प्रगति की जानकारी लेते हुए। शेष कार्याे को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
स.क्र./1785/ सुरजीत सिंह फोटो नंबर-09,10
समाचार
पढ़ना लिखना अभियान अतंर्गत अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय वेबीनार का हुआ आयोजन
जशपुरनगर 09 सितम्बर 2021/ अन्तर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर विगत दिवस को सचिवालय राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर छग द्वारा राज्य स्तरीय वेबीनार का आयोजन किया गया। वेबीनार में कलेक्टर श्री महादेव कावरे के निर्देशन में जिला पंचायत स्थित सभागार में प्रोजेक्टर के माध्यम से उक्त बेबिनार में जिले से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.एस. मण्डावी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एन.पण्डा सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारी, 10 स्वयंसेवी शिक्षक एवं 70 शिक्षार्थी उपस्थित रहे।
राज्य स्तरीय वेबीनार में माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डाला गया। बेबीनार में छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिह टेकाम, डॉ. कमलप्रीत सिंह, सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, संचालक एनसीआरटी श्री शिव हरे जी. डॉ. राहुल वेंकट, संचालक राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर, श्री प्रशांत कुमार पांडे, सहायक संचालक एवं श्री दिनेश कुमार टांक, सहायक संचालक राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर पढ़ना लिखना अभियान एवं नवसाक्षर भारत कार्यक्रम के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया।
स.क्र./1786/ सुरजीत सिंह फोटो नंबर-11
समाचार
अमृत महोत्सव के अंतर्गत संबद्ध गतिविधियों तथा ग्रामीण हाट को बढ़ावा देने हेतु जागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन
जशपुरनगर 09 सितम्बर 2021/ कलेक्टर श्री महादेव कावरे के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.एस.मण्डावी के मार्गदर्शन में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत ग्रामीण परिवेष में कृषि और संबद्ध गतिविधियों तथा ग्रामीण हाट को बढ़ावा देने में महात्मा गांधी नरेगा के योगदान के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए विगत 03 सिंतबर से 09 सितंबर तक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत कृषि एवं संबद्ध कार्याे के संबंध में परिचर्चा और प्रस्तुतिकरण कार्यक्रम किया गया। इसी तारतम्य में 08 सितंबर 2021 को जनपद पंचायत पत्थलगांव, बगीचा, कुनकुरी, जशपुर एवं फरसाबहार के जनपद सभाकक्ष में कृषि एवं इससे संबंधित लिये जाने 164 कार्याे तथा योजनांतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं क्रियाकलापों को प्रदर्शनी व परिचर्चा के माध्यम से जनसमूह को अवगत कराया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के.एस.मण्डावी ने बताया कि आजादी के 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी के अमृत महोत्सव पूरे भारत में मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभिन्न स्तरों में चरणबद्ध कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत महात्मा गांधी नरेगा के योगदान के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए 03 सितंबर से 09 सितंबर तक विकासखंड स्तर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। आयोजन के दौरान ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी नरेगा निधि या उसके साथ अभिसरण के माध्यम से पूर्ण हुए कृषि और संबद्ध गतिविधियॉ से जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को अवगत कराया गया है जिससे पंचायती राज पदाधिकारियों में योजनांतर्गत कृषि और संबद्ध गतिविधियों से जुड़े कार्याे के कार्ययोजना निर्माण में भागीदारी बढ़ेगी।
जनपद पंचायत स्तर पर आयोजित आजादी के अमृत महोत्सव के तहत ग्रामीण परिवेष में कृषि और संबद्ध गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए महात्मा गांधी नरेगा योजनांतर्गत कार्याे एवं अभिसरण से हुए कार्याे की फोटो प्रदर्शनी एवं पावर प्वाइंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई जिसका अवलोकन जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद सदस्यों के साथ-साथ उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं आमजन के द्वारा किया गया।
स.क्र./1787/सुरजीत फोटो नंबर-12,13
समाचार
कलेक्टर ने पत्र जारी कर सड़क दुर्घटना में मृत्यु दर कम करने अधिकारी-कर्मचारियों सेे हेलमेट पहनने का किया आग्रह
जशपुरनगर 09 सितम्बर 2021/ कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने मोटरयान अधिनियम के तहत् दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने हेतु प्रेरित करने के साथ ही हेलमेट पहनने के फायदों के संबंध में जागरूक करने के लिए पत्र जारी किया है। जिसमें उन्होंने जिले के सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी जो दो पहिया वाहन के उपयोग करते है। उन्हें कार्यालय आने जाने एवं बाहर हेलमेट का उपयोग करने हेतु निर्देशित किया गया है।
उन्होंने जारी पत्र में कहा कि प्रत्येक दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनना अनिवार्य है। उन्होंने कहा हेलमेट पहनने से दुर्घटना के समय आपकासिर ही नहीं रीढ़ की हड्डी की भी सुरक्षा होती है। दो पहिया चलाते समय अगर आपने हेलमेट पहना हुआ है, ता ये आपके आंखों के लिए भी ठी है। हेलमेट पहनना कानों की सेहत का भी ख्यात रखता है इससे ध्यान केन्द्रीत करने में भी आसानी होती है।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में आये दिन मोटरसायकल से होने वाली दुर्घटनाओ से मौतों का आंकड़ा विगत वर्षाें में ज्यादा है, जिसका मुख्य कारण वाहन चालकों एव साथ में बैठे व्यक्तियों का हेलमेटर नहीं पहनना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में कुल 141 दुर्घटना हुए जिनमें 156 की मृत्यु, वर्ष 2020 में 88 दुर्घटना में 97 की मृत्यु तथा वर्ष 2021 में 113 दुर्घटना हुए जिनमें 120 की मृत्यु हुए है। जिले में इन तीन वर्ष में कुल 342 दुर्घटना में 373 लोगों की मृत्यु हुई हैं।
स.क्र./1788/सुरजीत
विशेष लेख
राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना से पात्र हितग्रहियों के चेहरे पर आई खुशी
रामकुमार राम ने कहा मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने भूमिहीन मजदूरों के हितों का ध्यान में रखते हुए किया है बेहतर योजना का क्रियान्वयन
जशपुरनगर 09 सितम्बर 2021/प्रदेश सरकार द्वारा प्रारंभ की गयी राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के क्रियान्वयन से शारीरिक श्रम कर अपना जीवन-यापन करने वाले लोगों के चेहरे में खुशी देखने को मिल रही है।
योजनांतर्गत ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों नाई, मोची, धोबी, चरवाहा, सहित अन्य जिनके आजीविका का मुख्य साधन मजदूरी करना है उन्हें इस योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को प्रत्येक वर्ष 06 हजार रूपये की सहायता राशि प्रदान किया जाएगा। इस हेतु सभी पंचायत में आवेदन लेकर पंजीयन किया जा रहा है।
इसी तारतम्य में जशपुर जिले के विकासखण्ड दुलदुला के ग्राम हल्दीमुण्डा के कृषि मजदूर सुखसागर राम ने आवेदन कर अपना पंजीयन कराया। सुखसागर ने बताया कि उनके पास खुद की जमीन नही है। वह मजदूरी कार्य करकर अपना और अपने परिवार का भरण पोषण करता है। खेती के समय वह दूसरो के खेतो में मजदूरी का कार्य करता है पर यह काम केवल कुछ माह के लिए ही रहता है। बाकी समय अपने परिवार के गुजर-बसर के लिए अपने गांव से बाहर जाकर मजदूरी कार्य करता है। उन्होंने बताया कि पंचायत के माध्यम से उन्हें इस योजना के बारे में जानकारी मिली। उनका कहना है कि हम जैसे गरीबों के लिए यह बहुत अच्छी योजना है।
इसी प्रकार ने गट्टीबुड़ा निवासी रामकुमार राम ने बताया कि वह भी शारीरिक श्रम करके अपना जीवन यापन करते है। उनके पास न तो कोई अपनी जमीन है न ही उनके पास आय के कोई अन्य साधन है। वे अपने घर से दूर शहरों में जाकर मेहनत मजदूरी करके अपना गुजारा करते है। उन्होंने बताया कि जशपुर के दुर्गम वनांचल क्षेत्र के भूमिहीन लोगों को इस योजना के माध्यम से सहारा मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने मजदूरों के हितों को ध्यान में रखते हुए बेहतर योजना संचालित की है। इससे कई परिवारों को लाभ प्राप्त होगा।
स.क्र./1789/सुरजीत फोटो नंबर-14 से 16


