संपूर्ण अस्पताल परिसर का अवलोकन करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं की ली जानकारीमरीजों को आयुष्मान कार्ड के उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने के दिए निर्देश
जशपुरनगर 15 सितम्बर 2021/ कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने ओपीडी में भर्ती मरीजों सहित पूरे अस्पताल परिसर, का अवलोकन करते हुए डॉक्टरों की उपस्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री के.एस.मण्डावी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री पी. सुथार, सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने जिला अस्पताल में आरोग्य मित्र केन्द्र के माध्यम से आयुष्मान कार्ड से इलाज करा रहे मरीजों से कार्ड उपयोग के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सभी मरीजों को कार्ड का उपयोग करने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान पखवाड़ा के दौरान पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनाने की बात कही।
उन्होंने सभी ओपीडी कक्षों, सामान्य वार्ड, प्रसव कक्ष, ब्लड बैंक, लैब टेस्टिंग रूम सहित पूरे परिसर का मुआयना किया। श्री कावरे ने भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए वार्ड में सभी बेड के पास आक्शीजन सप्लाई की व्यवस्था कराने के लिए कहा। उन्होंने ब्लड बैंक में सभी वर्ग के रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। लैब टेस्टिंग कक्ष का अवलोकन करते हुए उन्होंने लैब में किए जाने वाले जांच एवं उपकरण की कार्यविधि की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्थापित नए ऑक्सीजन प्लांट का भी अवलोकन कर मशीनों का सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। जिससे अस्पताल में भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन प्रदान किया जा सके।

