अत्येष्टि में शामिल होंगे नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित दिग्गज भाजपाई
जशपुर। चंद्रपुर के पूर्व विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव का लीवर संक्रमण के कारण 20 सितंबर को बैंगलुरू के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्थिव शरीर आज दोपहर 12 बजे तक जशपुर लाया जाएगा। बांकीटोली विजय विहार पैलेस में पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। 22 सितंबर की सुबह 11 बजे निवास स्थल से मुक्तिधाम के लिए अंतिम यात्रा निकलेगी।
स्व. दिलीप सिंह जूदेव के बेटे होने की वजह से बचपन से ही युद्धवीर ने सियासी माहौल देखा। पिता के सामने अच्छे अच्छों को झुकते देखा। जशपुर और आसपास के इलाके की जनता ने भी हमेशा जूदेव परिवार के सदस्यों को पलकों पर बिठाए रखा। युद्धवीर को भी जनता से वैसा ही प्यार मिला। उन्होंने कई मौकों पर भाजपा की खामियां खुलकर गिनाईं तो कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तारीफ करने से भी पीछे नहीं रहे।
स्वर्गीय जूदेव बीते एक महीनें से लीवर संक्रमण की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे। बैंगलुरू के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। निधन के दो दिन पहले उनकी तबियत कुछ ज्यादा ही बिगड़ गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली में रखा था। कोशिशों के बाद भी उन्हें नहीं बचाया जा सका। सोमवार की सुबह चार बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। जिसके बाद स्वजन आज उनके पार्थिक देह को लेकर पहुंच रहे हैं। अत्येष्टि में शामिल होंगे नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित दिग्गज भाजपाई भी पहुंचेंगे।
सांसद गोमती साय ने कहा एक युग का अंत हो गया। जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत ने कहा हमने युवा नेतृत्व खो दिया।


