जंगली हाथी ने युवक पर किया हमला,बाल बाल बची युवक की जान…!
असलम खानधरमजयगढ़ न्यूज:- वन परिक्षेत्र धरमजयगढ़ के ओंगना गांव में हाथी ने युवक पर हमला कर दिया।सौभाग्य की बात यह रही कि इस घटना में युवक को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है।
इस संबंध में मिली जानकारी मुताबिक बीती रात ओंगना निवासी 21 वर्षीय युवक फूलसिंह पिता इन्जोर सिंह दिशा मैदान के लिए निकला था,तभी उसी समय जंगल की ओर से निकलकर आते हुए एक हाथी से उसका आमना सामना हो गया। जिसके बाद हाथी ने उसे सूंड से धकेल दिया, जिसके कारण युवक खेत की मेढ़ के पास जा गिरा।
युवक ने बताया कि शायद मेढ़ की वजह से हाथी की नजर उस पर नहीं पड़ी और वह दोबारा हमला किए बिना जंगल की ओर चला गया,उसने बताया कि घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया और आकर सो गया। उसने बताया कि सुबह उठने के बाद काम करने चला गया। जहां थोड़ी कमजोरी महसूस होने पर उसने ग्रामीणों से रात की घटना का ज़िक्र किया। जिसके बाद सरपंच के माध्यम से इसकी सूचना वन विभाग को दी गई।
सूचना उपरांत विभागीय अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की तस्दीक के बाद युवक को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अस्पताल चलने के लिए कहा। लेकिन युवक ने किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने की बात कहते हुए अस्पताल जाने से इंकार कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि घटना स्थल पर हाथी के पदचिन्हों के निशान पाए गए हैं। फिलहाल हाथी की लोकेशन पोटिया जंगल में बताई जा रही है।

