कोरबा. कटघोरा से चांपा व रायगढ़ की ओर आवाजाही करने वाले वाहनों के लिए प्रशासन ने सीएसआर फंड से वर्ष 2012-13 में बरबसपुर से दर्री बराज चौक तक रिंगरोड को सीसी सड़क बनवाई। जिसमें बरबसपुर से रिस्दी तक एसईसीएल व रिस्दी से बराज चौक तक की जिम्मेदारी बालको प्रबंधन को दी गई थी। बालको द्वारा बराज चौक से परसाभाठा बाजार होते रिस्दा तक सड़क बनवा ली थी। लेकिन रिस्दा से सतनाम नगर होते रिस्दी चौक तक 4 किमी के हिस्से में बची सड़क को पिछले साल ही बनवाया गया। इसके बाद एक ओर जहां अब परसाभाठा बाजार से बरबसपुर तक आवाजाही सुगम हो गई है। लेकिन दूसरी ओर इस साल बालको क्षेत्र में भारी वाहनों का दबाव बढ़ने से बराज चौक (रूमगरा) से परसाभाठा बाजार तक सड़क उखड़ने से जगह-जगह गड्ढे होने से आवाजाही मुश्किल हो गई है। गुरुवार को इसी कारण गड्ढे से बचते हुए चलने के कारण परसाभाठा के पास दो बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसमें बाइक से गिरने के बाद ट्रेलर की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई थी। हादसे के बाद जब स्थानीय जनप्रतिनिधियों व आमजन ने आक्रोश जाहिर किया तो शुक्रवार को फिर से सड़क मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है।
नेता प्रतिपक्ष समेत लोगों ने दी थी चेतावनी
गुरुवार को बालको रिंगरोड पर परसाभाठा में सड़क हादसे के बाद क्षेत्रवासियों में सड़क की हालत को लेकर आक्रोश था। शुक्रवार की सुबह जैसे ही घायल व्यक्ति के मौत की जानकारी हुई तो लोग आक्रोशित हो गए। निगम के नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल के साथ बालको के मेंटनेंस ऑफिस पहुंचे। जहां 1 सप्ताह के भीतर सड़क मरम्मत की मांग की गई। सड़क मरम्मत नहीं होने की स्थिति में भूख हड़ताल की चेतावनी दी गई थी। बालको प्रबंधन ने कुछ घंटे के भीतर ही सड़क मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया।


