आरोपी संतूराम मजदूरी करता है। करीब साल भर पहले उसने अपने मोबाइल से नाबालिग लड़की का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था। लेकिन उसे यह भी नहीं पता था कि यह वीडियो किसका है
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के एक युवक को नाबालिग लड़की का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करना भारी गया। पुलिस ने युवक पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी का केस ठोका है। हालांकि उसने 14 साल की नाबालिग लड़की के वीडियो को एक साल पहले अपने मोबाइल से अपलोड किया था लेकिन अब वीडियो नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो के पास जाने पर उसको दबोचा है।
एक साल पहले वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था
पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी निवासी संतूराम पटेल इसकी उम्र 26 साल है। संतूराम खेती-किसानी के साथ रोजी-मजदूरी करता है। करीब साल भर पहले उसने अपने मोबाइल से नाबालिग लड़की का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था। लेकिन उसे यह भी नहीं पता था कि यह वीडियो किसका है।
फरार हो गया था आरोपी
नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने लोहर्सी निवासी संतूराम पटेल को गिरफ्तार किया है। पहले संतूराम अपने ठिकाने से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने इसकी तलाश की इसी बीच शनिवार की रात को पता चला कि आरोपी अपने परिजनों से मिलने आया है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
केंद्र सरकार के आदेश पर सोशल मीडिया की निगरानी हो रही
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर केंद्र सरकार ने नाबालिग बालक-बालिकाओं पर बढ़ते अपराध को रोकने के लिए उनके अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल करना अपराध माना गया है। ऐसे संवेदनशील वीडियो की निगरानी नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो की ओर से की जाती है। इसके साथ ही वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ केस दर्ज भी कराया जाता है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है।


