जांजगीर. शिक्षा सत्र 2020-21 का 118 दिन बीत चुका है। फिर भी स्नातक व स्नातकोत्तर का सिलेबस तय नहीं हो पाया है। सिलेबस में 30 प्रतिशत तक कटौती तय जरूर कर दी गई है, लेकिन क्या कुछ कटौती होगी, इसके लिए कमेटी बनने के बाद बैठक नहीं हो पाई है। इधर ऑटोनॉमस कॉलेजों में ऑनलाइन पढ़ाई शुरू हो चुकी है। 14 तक शासन के आदेशानुसार और 22 तक कुलपति की अनुमति से प्रथम वर्ष में प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही जिन कक्षाओं के नतीजे आ चुके हैं, उनके छात्रों को भी अगली कक्षा में प्रवेश इन्हीं तिथियों के दौरान दिया जाएगा। अक्टूबर के आखिरी सप्ताह तक प्रवेश की प्रक्रिया चलने की वजह से दिसंबर में परीक्षा संभव नहीं होंगी। इस संबंध में 130 महाविद्यालयों के प्राचार्यों की शनिवार को ऑनलाइन बैठक हुई।


