राजनान्दगाव। घटना में आरोपित पत्नी ने मोहल्ले के एक नाबालिग लड़के को भी रुपये का लालच देकर अपने साथ शामिल किया था। पुलिस ने आरोपित पत्नी संतोषी मरकाम को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं नाबालिग को भी पकड़कर संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि घटना बीते सोमवार की रात की है। मृतक गजेंद्र मरकाम को शराब का नशा होने के कारण उसे नीबू पानी देने के नाम पर अधिक मात्रा में शराब पीला दिया। कुछ देर बाद संतोषी मरकाम अपने पति गजेंद्र मरकाम के मुंह व सिर को गमछे से लपेट कर मुंह में तकिया रखकर दबा रही थी। वहीं नाबालिग लड़का भी प्लास्टिक पाइप से गजेंद्र का गला दबा रहा था। जिसे देख परिवार के लोगों ने बचाव के लिए आवाज लगाई। जब तक आसपास के लोग वहां पहुंचते आरोपित पत्नी व नाबालिग लड़का फ़रार हो गए थे। घरवालों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपित महिला को गिरफ्तार किया।
चिखली चौकी प्रभारी भोला सिंह राजपूत ने बताया कि हत्या की सूचना के बाद अलग-अलग टीम बनाकर मामले की जांच की गई। जिसके बाद आरोपित पत्नी संतोषी मरकाम व नाबालिग लड़के को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें आरोपित पत्नी संतोषी ने बताया कि पति गजेंद्र मरकाम शराब के नशे में हर दिन घर पर विवाद करता था। गाली-गलौज के साथ मारपीट की घटना को लेकर वो गुस्से में थी। जिससे आक्रोशित होकर पत्नी संतोषी ने अपने पति की हत्या की योजना बनाई।
मोहल्ले के नाबालिग लड़के को रुपये का लालच देकर उसे अपने साथ शामिल किया। जिसके बाद बीते सोमवार की रात आरोपित महिला ने पत्नी का गमछा से मुंह दबाकर हत्या की। वहीं नाबालिग लड़का भी गजेंद्र के गले को प्लास्टिक पाइप से दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
हर रोज विवाद से थी परेशान
आरोपित महिला संतोषी मरकाम ने पुलिस को बताया कि पति गजेंद्र शराब के नशे में हर दिन घर पर विवाद करता था। गाली-गलौज और मारपीट को लेकर वो कई दिनों से परेशान थी। आरोपित महिला ने पति को धमकी तक दी थी कि ज्यादा विवाद होने पर वो उसकी हत्या कर देंगी। बीते सोमवार को यही हुआ। गजेंद्र ने पहले पत्नी के साथ विवाद किया। इसके बाद गाली-गलौज की। जिससे गुस्से में आयी पत्नी संतोषी ने नाबालिग लड़के के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी।

