अविरल रामधुनी से पावन हुआ नगर..
खरसिया। गंज बाजार स्थित हनुमान मंदिर में हो रहे अखंड श्रीरामसप्ताह में नगर सहित समीपस्थ गांव के रामभक्तों का मेला लगा हुआ है। 15 सितंबर से प्रारंभ श्रीराम सप्ताह का समापन 22 सितंबर को होगा।
श्रीराम सप्ताह के दौरान 24 घंटे अविरल श्रीराम नाम संकीर्तन होते रहता है। जिसमें नगर के भक्तगणों सहित आसपास के गांव वाले तथा महिलाओं की उपस्थिति रहती है। कहते हैं जहां श्रीराम नाम का संकीर्तन हो, वहां रामजी के अनन्य-भक्त हनुमान जरूर आते हैं। नगर के हृदय स्थल गंजबाजार के हनुमान मंदिर में 122 वर्षों से निरंतर अखंड श्रीरामसप्ताह का आयोजन किया जाता है। ऐसे में यह स्वयंसिद्ध है कि यहां हनुमान जी का साक्षात वास है ! भत्तों के संग-संग रामधुन में मगन वे भी नाच रहे होते हैं.. हाँ, यह अलग बात है कि माया-मोह में फंसे हम उन्हें पहचान नहीं पाते।
यहाँ मिलती है पीलीया से मुक्ति..
हनुमान जी के इस दरबार में पीलिया रोग से निजात मिलती है। ऐसा नहीं कि कोई औषधि दी जाती हो वरन् यहां के पुजारी द्वारा मात्र हनुमानजी के मंत्रों और प्रभाव से रोगी को जिंदगी भर के लिए पीलिया से छुटकारा मिल जाता है। यह विद्या है या मंत्रों का प्रभाव या फिर भगवत्कृपा यह तो कहना मुश्किल है, परंतु पंडित हरनारायण शर्मा फिर उनके पुत्र पंडित गोविंद शर्मा और अब पंडित बिट्टू महाराज पलभर में यह करिश्मा कर देते हैं। पीलिया के निदान हेतु यह हनुमान मंदिर पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध है। वहीं नगर के अनेकों लोग अपनी अन्य बीमारियों से छुटकारे के लिए भी यहां झाड़ा लगवाने आते हैं।

