डॉ.संजय अग्रवाल के आने से रेफर सिस्टम हुआ बंद
खरसिया। सिविल अस्पताल में एक ही दिन में एकाधिक सर्जरी तो होती ही हैं। वहीं डॉ.संजय अग्रवाल के आने से 1 दिन में 4 सर्जरी हुई हैं। वहीं कुछ दिन पहले ही 1 दिन में 3 सर्जरी भी हुई थीं। सिविल अस्पताल प्रभारी डॉ.दिलेश्वर पटेल ने बताया कि अब यहां गर्भवती महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं उठानी पड़ती। वहीं रेफर होना बिल्कुल बंद हो चुका है।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.संजय अग्रवाल से चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि गर्भावस्था वह समय है जब एक महिला को सबसे ज्यादा देखभाल और परहेज की जरूरत होती है। इस वक्त खान-पान पर विशेष ध्यान देना होता है। खानपान में प्रोटीन की मात्रा विशेष होनी चाहिए, वहीं बहुत सी चीजों से परहेज भी जरूरी है।
डॉ.संजय अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ज्यादातर महिलाएं गुड़ाखू तथा तंबाकू का सेवन करती हैं। परन्तु गर्भावस्था के दौरान किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन हानिकारक होता है। वहीं कॉफी पीने से भी परहेज करना चाहिए, क्योंकि इसमें कैफीन की अत्यधिक मात्रा होती है। साल्मोनेला इनफेक्शन से बचने के लिए कच्चा या अधपका अंडा भी नहीं खाना चाहिए। वहीं बताया कि पपीते का सेवन तथा अंकुरित अनाज का सेवन भी गर्भवती महिलाओं को नहीं करना चाहिए।
डाइट में इन्हें करें शामिल
डॉ.संजय अग्रवाल ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को फोलिक एसिड की पर्याप्त मात्रा बहुत जरूरी होती है। फोलिक एसिड बच्चे के जन्म से जुड़ी कई परेशानियों से बचाने का काम करता है। इसलिए पर्याप्त मात्रा में हरी पत्तियों वाली सब्जियां खानी चाहिएं। वहीं फलों का सेवन भी करना चाहिए। दूध भी पर्याप्त मात्रा में लेना चाहिए। गर्भावस्था के दौरान संपूर्ण आहार बहुत जरूरी होता है। शरीर को सभी पोषक तत्व इस आहार से ही प्राप्त होते हैं।
वैक्सीनेशन का रखें ख्याल
गर्भावस्था के दौरान लगनेवाले वैक्सीनेशन शिशु तथा माता के लिए बहुत जरूरी होते हैं। ऐसे में एक भी वैक्शीनेशन नहीं भूलना चाहिए। अगर कुछ लेट भी हो जाए तो डॉक्टर से परामर्श कर तुरंत लगवा लेना चाहिए।

