भिलाई. भिलाई में एक युवती ने अपने शादीशुदा ब्वॉयफ्रेंड के साथ फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। दोनों के शव बुधवार सुबह पंखे से लटके हुए मिले। दोनों एक दिन पहले ही मंगलवार को होटल में कमरा लिया था। अभी तक दोनों के खुदकुशी करने के कारण का पता नहीं चल सका है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला स्मृति नगर थाना क्षेत्र का है।
दो दिन से कमरे से बाहर नहीं निकले थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, कोहका निवासी तापशी बाइन (32) का कातुल बोर्ड निवासी अफरोज से प्रेम प्रसंग था। अफरोज पहले से ही शादीशुदा था। दोनों मंगलवार को होटल क्रिश पहुंचे और तीसरी मंजिल पर स्थित कमरे में ठहरे हुए थे। इसके बाद दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले। अगले दिन बुधवार को भी दोनों बाहर नहीं निकले। इस पर होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ और एक वेटर देखने के लिए पहुंचा।
पहले भी दोनों रुक चुके थे इस होटल में
काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी जवाब नहीं मिला तो वेटर ने होटल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। इस पर किसी तरह प्रबंधन ने दरवाजा खोला तो दोनों के शव पंखे से लटके हुए थे। इसके बाद होटल की ओर से पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शव नीचे उतरवाए। बताया जा रहा है कि अफरोज पहले भी लड़की के साथ इस होटल में रुक चुका था।
लड़की ने पहले लगाया था अफरोज पर रेप का आरोप
बताया जा रहा है कि अफरोज शादीशुदा था। तापशी ने पहले अफरोज पर रेप का आरोप लगाया था। इसे लेकर थाने में FIR भी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने अफरोज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस दौरान वह 50 दिन जेल में भी रहा। फिर जमानत पर बाहर आया था। अब दोनों साथ कैसे आए और खुदकुशी क्यों की, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। दोनों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

