धरमजयगढ़ :– धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र अंतर्गत वर्तमान समय में 143 हाथी मौजूद हैं। जो विभिन्न इलाकों में विचरण कर रहे हैं। हाथियों की बड़ी तादाद में मौजूदगी के बीच क्षेत्र में फसल नुकसानी के मामले लगातर सामने आ रहे हैं। हाथियों के बड़े समूह के मूवमेंट के कारण वन विभाग को भी लगातार क्षति पहुंच रही है। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 26 हाथियों के एक बड़े दल के दूसरे इलाके में जाने के दौरान सरकारी रोपणी में लगे करीब तीन हजार पौधों को नुकसान पहुंचा है। फ़िलहाल विभाग द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
धरमजयगढ़ परिसर से ओंगना इलाके में पहुंचे 26 हाथियों द्वारा भंडारीमुड़ा में स्थित वन विभाग के नर्सरी में तैयार किए पौधों को क्षति पहुंचाई गई है। इसके अलावा डिविजन क्षेत्र अंतर्गत कुछ इलाकों में फ़सल नुकसान के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वर्तमान समय में धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत क्रोंधा इलाके में 27, ओंगना में 26, छाल रेंज के बंगरसुता जंगल में 30 हाथी, पुरूंगा क्षेत्र में 25 हाथी मौजूद हैं। कापू रेंज के अलोला इलाके में 12, और बोरो रेंज अंतर्गत कंचीरा जंगल में 7 हाथियों का ग्रुप विचरण कर रहा है। इन सब के बीच विभाग द्वारा प्रभावित इलाकों में सुरक्षा को लेकर सभी उपाय अपनाए जा रहे हैं। बता दें कि इस से पहले भी छाल रेंज अंतर्गत आने वाले वन विभाग के मुनुन्द रोपणी में हाथियों से हजारों पौधों की क्षति हुई थी।


