बिलासपुर में पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। हिर्री, तखतपुर, और बिल्हा थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में 53 मवेशियों को अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने ट्रक, पिकअप और आयसर वाहन से तस्करी कर रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके वाहनों को जब्त किया।
हिर्री थाना ने ट्रक सीजी 28 एन 1840 से 20 मवेशियों को, तखतपुर थाना ने पिकअप वाहन सीजी10 बीजे 9265 से 20 मवेशियों को और बिल्हा थाना ने आयसर वाहन टीएस 07-यूएन 4166 से 13 मवेशियों को रेस्क्यू किया। इन वाहनों में मवेशियों को अत्यंत अमानवीय परिस्थितियों में ठूंस-ठूंसकर भरकर ले जाया जा रहा था।
मवेशियों को सुरक्षित गौशाला भेजा गया है और आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने तस्करी में शामिल वाहनों को राजसात करने का आदेश दिया, जिसे कलेक्टर ने मंजूरी दे दी है। राजसात किए गए वाहनों में कपिल कुमार का ट्रक, सुरेश कुमार साहू की पिकअप, और मंजूला बोईनी का आयसर वाहन शामिल हैं।

