दुर्ग जिले के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में आईजी ऑफिस में पदस्थ आरक्षक की मौत हो गई। यह घटना देर रात की है, जब आरक्षक उपेंद्र तिवारी अपनी बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में अचानक उनकी बाइक सड़क किनारे लगे एक ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर के कारण आरक्षक को सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद, आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और घायल आरक्षक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक आरक्षक उपेंद्र तिवारी 2007 बैच के सिपाही थे और वे मूलतः उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी थे।
स्मृति नगर चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद परिजनों और उनके सहयोगियों में गहरा शोक व्याप्त है। आरक्षक की असामयिक मृत्यु से उनके परिवार और कार्यस्थल पर कोहराम मच गया है।
