रायगढ़. संजय कॉम्पलेक्स के भीतर 12 फरवरी को नगर निगम और राजस्व की टीम ने नाली और सड़क से अतिक्रमण हटाया था। निगम की इस कार्रवाई के बाद कुछ समय तक व्यवसायियों में डर बना रहा, लेकिन फिर से सड़क पर शेड और नालियों पर काउंटर और चबूतरा बना लिया गया है। व्यवसायी सड़क के बीच तक दुकान का आधा सामान रख रहे हैं। कपड़े भी सड़कों के बीच टांग रहे हैं। सड़कें संकरी होने के कारण दो लोगों के बीच पर्याप्त दूरी भी बनाना मुश्किल है।
अर्जेंट सुनवाई का इंतजार
“संजय मार्केट में स्टे लगा हुआ है। इसकी सीमा जहां से शुरू होती है, वहां से लेकर भीतर आखिर तक फिलहाल हम कोई कार्रवाई वर्तमान में नहीं कर सकते हैं। कुल 13 प्रकरण हैं, इस पर अर्जेंट सुनवाई के लिए हमने हाईकोर्ट में आवेदन किया है। फैसला आते ही हम तैयार प्लान के अनुरूप बाजार का जीर्णोद्धार करेंगे।”
-आशुतोष पांडेय, निगम आयुक्त


